कानपुर शहर में सड़क के गड्ढों को लेकर लगातार सवाल उठे, सोशल मीडिया पर वायरल रीलस या मीमस में सड़क के गड्ढे मुद्दों में बनें रहे। जनता जनप्रतिनिधियों से सड़क की खस्ता हाल हालत को लकेर सवाल करती रही, लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिल सका। दैनिक भास्कर ने कानपुर के गड्ढों को लेकर शहर के सांसद रमेश अवस्थी से बातचीत कर जानने की कोशिश की, कि आखिर इतनी खस्ता हाल सड़क के क्या कारण रहें और कानपुर की जनता को इससे जो परेशानी हो रही, उसको लेकर उनके द्वारा क्या कदम उठाए हैं। इसपर उन्होंने बताया कि युद्ध स्तर पर सड़कों को दुरूस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है, वो खुद सड़कों का निरीक्षण करने के लिए निकल रहें हैं। शहर में हो रहे सीएम ग्रिड के काम से लेकर अन्य विकास सम्बंधी कार्य को लेकर भी उन्होंने बात की उनका कहना है, समय से भी पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बातचीत में उन्होंने यह भी स्वीकार किया है, कि अधिक बरसात करने के कारण गड्ढे शहर के लिए मुसीबत बन गए जिसकी वजह से शहर वासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बीते दिनों शहर की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने लगातार कई घंटे सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिन के भीतर गड्ढे भरने के निर्देश दिए हैं। सांसद का दावा है कि अब तक 50% से अधिक गड्ढे भरे जा चुके हैं और बाकी गड्ढों को भी तय समय में भर दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की और फटकार भी लगाई है। अब पढ़िए सांसद रमेश अवस्थी से दैनिक भास्कर ने जो बातचीत में सवालों के जो जवाब दिए सवाल: आपने कई घंटे सड़कों का निरीक्षण किया। शहर की सड़कों की स्थिति कैसी मिली और अधिकारियों को क्या निर्देश दिए?
जवाब- कानपुर में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर गड्ढे हो गए थे। अब बारिश लगभग समाप्त होने जा रही है। इसलिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिन के अंदर सभी गड्ढों को भर दिया जाए और कानपुर को गड्ढामुक्त बनाया जाए। काम शुरू हो चुका है। कानपुर की सड़कों पर मौजूद 50% से अधिक गड्ढे भरे जा चुके हैं। बाकी गड्ढे भी बहुत जल्द, 15 दिन के अंदर भर दिए जाएंगे। सवाल: निरीक्षण के दौरान आपने अधिकारियों को फटकार भी लगाई। इसकी वजह क्या रही?
जवाब- निश्चित रूप से कहीं न कहीं अधिकारियों की लापरवाही रही है। जो अधिकारी लापरवाही कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। मैंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि उनके पास 15 दिन का समय है। अगर इस दौरान काम में सुधार नहीं हुआ और जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया तो कार्रवाई की जाएगी। जनता के हित में जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करने वालों को जवाबदेह बनाया जाएगा। जहां भी कमी पाई गई है, वहां अधिकारियों को फटकार भी लगाई गई है। सवाल: शहर में बारिश के बाद सड़कों की हालत को लेकर लोगों में नाराजगी है। आप इस समस्या को किस तरह देखते हैं?
जवाब- मैं स्वीकार करता हूं कि कानपुरवासियों को परेशानी हुई है। बारिश के कारण सड़कों पर गड्ढे बने और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लेकिन अब व्यवस्था को ठीक किया जा रहा है। अधिकारियों को लगातार काम करने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि लोगों को जल्द से जल्द इस समस्या से राहत मिले। सवाल: सीएम ग्रिड की सड़कों को लेकर क्या स्थिति है?
जवाब- सीएम ग्रिड की सड़कों का भी निरीक्षण किया गया है। उन पर तेजी से काम शुरू हो गया है और दिन-रात काम किया जा रहा है। स्वरूप नगर और किदवई नगर समेत कई इलाकों में काम चल रहा है।
इन सड़कों को दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही बड़ी सड़कों को दीपावली से पहले तैयार करने का लक्ष्य भी दिया गया है। सवाल: सोशल मीडिया पर कानपुर के गड्ढों को लेकर रील्स और मीम्स बन रहे हैं। इसे आप किस तरह देखते हैं?
जवाब- जब लोगों को परेशानी होती है और उन्हें गड्ढों के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है तो वे रील और मीम बनाते हैं। मैं उनकी परेशानी को समझता हूं। बारिश के कारण इस साल जो समस्या हुई है, हमारा प्रयास है कि अगले साल इसकी पुनरावृत्ति न हो। जो सीएम ग्रिड की सड़कें बनाई जा रही हैं, उनकी गुणवत्ता और स्थायित्व पर ध्यान दिया जा रहा है।
हम चाहते हैं कि कानपुर में अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी विकास कार्य हों, ताकि लोगों को बार-बार सड़कों और गड्ढों की समस्या का सामना न करना पड़े।

