मेरठ के लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार को ओपीडी के दौरान इलाज के लिए अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर जा रहे मरीज लिफ्ट में फंस गए। करीब 20 मिनट तक मरीज लिफ्ट के अंदर ही फंसे रहे। बाद में तकनीकी खराबी दूर होने के बाद लिफ्ट दोबारा चली और मरीजों को बाहर निकाला गया। बताया कि ओपीडी के दौरान कई मरीज इलाज के लिए अस्पताल की ऊपरी मंजिलों पर जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बंद हो गई। लिफ्ट में मरीजों के फंसने की सूचना मिलने के बाद अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने इसे चालू कराने का प्रयास किया। करीब 20 मिनट बाद लिफ्ट दोबारा संचालित हुई, जिसके बाद सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या हुई थी। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी आई थी। इसे ठीक करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि लिफ्ट में फंसे किसी भी मरीज को कोई परेशानी नहीं हुई और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट खराब होने और मरीजों के फंसने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल की लिफ्टों में तकनीकी खराबी के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में ओपीडी के व्यस्त समय में मरीजों के लिफ्ट में फंसने की घटना ने अस्पताल की लिफ्ट व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएमएस ने बताया कि घटना के बाद अस्पताल की अन्य लिफ्टों की भी जांच कराई जाएगी, ताकि उनमें किसी तरह की तकनीकी खामी हो तो उसे समय रहते दूर किया जा सके।

