मथुरा में परिंदे फाउंडेशन द्वारा आयोजित 16वें गणेश महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। 131 मंगल कलशों के साथ निकाली गई शोभायात्रा में शिव परिवार की झांकी के साथ कई आकर्षण रहे। लोगों ने जगह-जगह शोभायात्रा का शीतल जल, शर्बत आदि के साथ स्वागत किया। इसके साथ ही वैदिक मंत्रों के साथ गणपति प्रतिमा का स्थापन हुआ। शोभायात्रा शिववाला नाथ नगर से प्रारंभ हुई और समूचा मार्ग गणपति बप्पा मोरया के जयघोष गूंजायमान हो गया। 131 मंगल कलश धारण किए महिलाओं की सहभागिता ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। शोभायात्रा में ग्रोइंग सोल किड्स गुरुकुल के विद्यार्थियों ने विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूपों में सजकर सहभागिता की। बच्चों ने भारतीय संस्कृति, आस्था एवं सनातन परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की और उनके आकर्षक स्वरूप यात्रा के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में गणपति के रथ के साथ शिव परिवार की झांकी जहां आकर्षण केन्द्र रही, वहीं हाथी व नृत्य करते मूसक के साथ चिंपेंजी ने हर किसी को थिरकने पर मजबूर कर दिया। ग्रोइंग सोल के अभिभावकों के साथ-साथ हाथों में पताका लिए बच्चे गणपति बप्पा के जयकारे लगाते चल रहे थे। आधार शिला निःशुल्क पाठशाला के बच्चों ने भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए विद्यालय परिसर में सुंदर सजावट एवं मनमोहक रंगोलियाँ तैयार कीं। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्री गणपति की प्रतिमा की स्थापना एवं पूजन संपन्न हुआ। ग्रोइंग सोल किड्स गुरुकुल के निदेशक डॉ. अरुण कुमार वाजपयी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर श्री गणपति की स्थापना की तथा सभी के सुख, समृद्धि, मंगल एवं कल्याण की कामना की। निदेशिका डॉ. सोनिका शर्मा ने कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विभिन्न विभागों एवं परिंदे फाउंडेशन से जुड़े सदस्यों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

