रायसेन में पेट्रोल पंप पर लूट का खुलासा:भोपाल से 4 गिरफ्तार, आरोपियों पर पहले से लूट-मारपीट के कई मामले दर्ज

रायसेन में पेट्रोल पंप पर लूट का खुलासा:भोपाल से 4 गिरफ्तार, आरोपियों पर पहले से लूट-मारपीट के कई मामले दर्ज

कोतवाली थाना क्षेत्र के माना पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को चाकू दिखाकर नकदी लूटने का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल चार आरोपियों की पहचान कर ली है। इन चारों आरोपियों को भोपाल पुलिस पहले ही एक अन्य लूट के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। अब रायसेन पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी और लूटी गई रकम व अन्य सामान बरामद करेगी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 12 सितंबर की रात माना पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को चाकू दिखाकर नकदी लूटी थी। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने तकनीकी सबूतों के साथ सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज देखे। फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान की। आरोपियों में भोपाल के शिवशक्ति नगर निवासी संदीप विश्वकर्मा उर्फ खेड़ा (20), नवजीवन कॉलोनी निवासी संदीप उर्फ संसू सोनी (22), रूसल्ली करौंद चौराहा निवासी कबीर पाल (20) और नवजीवन कॉलोनी निवासी दुर्गा कुशवाह (26) शामिल हैं। जांच में सामने आया कि इन्हीं आरोपियों ने 10 सितंबर को भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में भी लूट की वारदात की थी। इस मामले में भोपाल पुलिस चारों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है। पहले भी लूट की वारदातों के अंजाम दे चुके हैं आरोपी थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ पहले से लूट और सहित अन्य अपराध दर्ज हैं। भोपाल और विदिशा में भी इनके खिलाफ मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोपी अलग-अलग स्थानों पर लूट की वारदातों को करते रहे हैं। रायसेन की घटना में इनके शामिल होने के सबूत मिले हैं। आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *