आगरा के दयालबाग में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:फुटपाथ पर रखे काउंटर, तख्त किए जब्त, टिन शेड हटाए

आगरा के दयालबाग में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:फुटपाथ पर रखे काउंटर, तख्त किए जब्त, टिन शेड हटाए

आगरा में सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को वार्ड 62 के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। नगर निगम की टास्कफोर्स ने दयालबाग, सौ फुटा रोड, नगला बूढ़ी, राहुल विहार और वैष्णो धाम क्षेत्र में दुकानों के आगे फुटपाथ पर किए गए अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण को हटवाया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन टास्कफोर्स ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। ट्रैफिक हो रहा था बाधित
अभियान के दौरान दुकानदारों की ओर से फुटपाथ पर रखे गए काउंटर, तख्त, टिन शेड और अन्य सामान को हटवाकर जब्त कर लिया गया। नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बने फुटपाथ पर किसी भी तरह का कब्जा दोबारा न किया जाए। अधिकारियों के मुताबिक फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से पैदल राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। नगला बूढ़ी में कोयले की भट्ठी ध्वस्त
नगर निगम की टीम ने नगला बूढ़ी क्षेत्र में एक हलवाई द्वारा संचालित कोयला चालित भट्ठी के खिलाफ भी कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर भट्ठी को ध्वस्त करा दिया। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की व्यवस्था से अतिक्रमण के साथ-साथ धुआं और आग से संबंधित खतरा भी बना रहता है। 100 फुटा रोड पर लावारिस कार का ढांचा जब्त
100 फुटा रोड पर आग लगने के बाद सड़क किनारे पड़ा लावारिस कार का ढांचा भी नगर निगम की कार्रवाई की जद में आया। टीम ने मौके से कार के जले हुए ढांचे को जब्त कर लिया। लंबे समय से सड़क किनारे पड़े इस ढांचे के कारण यातायात और आवागमन प्रभावित हो रहा था। इस स्थान पर लोगों ने कचरा फेंकना शुरू कर दिया था। विरोध के बीच जारी रही कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने नगर निगम की टीम का विरोध किया और सामान हटाने को लेकर आपत्ति जताई। इसके बावजूद टास्कफोर्स ने फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई जारी रखी। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट किया कि सार्वजनिक फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में साढ़े दस हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के कारण पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विशेष रूप से बाजारों और प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ को कब्जामुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी। नगर आयुक्त ने दी चेतावनी शहर में सार्वजनिक फुटपाथ और सड़कों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम की टीम लगातार अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है। दुकानदारों और नागरिकों से अपील है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें और नगर निगम की कार्रवाई में सहयोग करें। अतिक्रमण दोबारा किए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *