IAS Tukaram Mundhe: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटी, घटिया और नियमों का उल्लंघन कर बेची जा रही खाद्य सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए ने पिछले दो दिनों में राज्य के अहिल्यानगर, पुणे, नासिक और बुलढाणा जिलों में विशेष अभियान चलाकर 95 टन से अधिक खाद्य सामग्री और 172 लीटर दूध जब्त किया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 4.45 करोड़ रुपये बताई गई है।
FDA के अधिकारियों के मुताबिक, गणेश चतुर्थी और आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
अहिल्यानगर में 3.95 करोड़ रुपये का बटर जब्त
अहिल्यानगर में एफडीए की टीम ने एक कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारकर 75,368.8 किलोग्राम पाश्चुरीकृत कुकिंग बटर (अनसॉल्टेड) जब्त किया। इस उत्पाद पर मदुरामा क्रीमी डिलाइट (Madurama Creamy Delight) का लेबल लगा था और इसकी कीमत करीब 3.95 करोड़ रुपये थी।
एफडीए को बटर की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं होने का संदेह है। इसके अलावा लेबलिंग में भी कई खामियां मिलीं। अधिकारियों ने बटर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं और पूरे स्टॉक को कोल्ड स्टोरेज में सील कर दिया गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुणे में पनीर, खोया और दही पर बड़ी कार्रवाई
पुणे में एफडीए अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर, खोया और दही त्योहारों में बिक्री के लिए लाया जा रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने दो वाहनों को रोककर जांच की।
जांच में सामने आया कि दूध से बने उत्पादों को ऐसे वाहनों में ले जाया जा रहा था, जिनमें तापमान नियंत्रित रखने की सुविधा नहीं थी। इसके अलावा कर्नाटक से लाए गए पनीर के लिए खरीद-बिक्री के बिल उपलब्ध नहीं थे। कई उत्पाद बिना सील वाली पॉलीथिन में रखे गए थे और लेबलिंग भी अधूरी थी।
पहले वाहन से एफडीए ने 24 नमूने लिए और करीब 7,362.5 किलोग्राम पनीर व अन्य खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत 17.15 लाख रुपये थी, जब्त की। दूसरे वाहन से 12 नमूने लिए गए और 6,081 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 14.55 लाख रुपये बताई गई है।
पुणे के बुधवर पेठ में 4627 किलो खोया जब्त
पुणे के बुधवर पेठ स्थित K B Agarwal में निरीक्षण के दौरान FDA अधिकारियों को बिक्री के लिए रखा गया खोया मिला। यहां खोये के 33 अलग-अलग लॉट पाए गए, लेकिन उनके स्रोत की पहचान से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
एफडीए ने नमूने लेने के बाद 4,627 किलोग्राम खोया, जिसकी कीमत करीब 11.56 लाख रुपये थी, जब्त कर लिया। बाद में खाद्य कारोबारी ने FDA की सहमति से हडपसर में पूरा स्टॉक नष्ट कर दिया।
पुणे में की गई तीनों कार्रवाइयों में कुल 69 नमूने लिए गए और 18,070.5 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसकी कुल कीमत करीब 43.27 लाख रुपये है। सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नासिक में गुजरात से आई 1955 किलो बर्फी पकड़ी
नासिक में FDA की टीम ने गुजरात से लाई जा रही विशेष बर्फी से भरे एक वाहन को रोका। जांच के दौरान अधिकारियों ने 10 नमूने लिए और 1,955 किलोग्राम बर्फी जब्त कर ली। जब्त मिठाई की कीमत करीब 5.58 लाख रुपये बताई गई है।
बुलढाणा में 172 लीटर दूध जब्त कर नष्ट
बुलढाणा जिले के नंदुरा तालुका के येर्ली गांव में FDA ने मराठवाड़ा मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के दूध संग्रह केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई नियमों का उल्लंघन सामने आया। अधिकारियों ने गाय के दूध और भैंस के दूध का एक-एक नमूना लिया। इस दौरान 139 लीटर गाय का दूध और 33 लीटर भैंस का दूध, यानी कुल 172 लीटर दूध जब्त किया गया। इसकी कीमत 7,863 रुपये थी।
दूध जल्दी खराब होने वाला उत्पाद होने के कारण FDA ने जब्त स्टॉक को नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, दूध संग्रह केंद्र संचालक ने जरूरी रिकॉर्ड भी व्यवस्थित तरीके से नहीं रखे थे।
IAS तुकाराम मुंढे की सख्त चेतावनी
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर प्रशासन की कड़ी नजर है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि मिलावटी, घटिया या गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ FDA की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है।

