कानपुर नगर के सीएमओ डॉ. हरिदत्त नैमी ने शनिवार को ककवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ ने डेंगू वार्ड, सामान्य ओपीडी, दवा वितरण कक्ष और कोल्ड चेन का निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए उन्होंने अस्पताल में जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया। मरीजों से लिया इलाज और सुविधाओं का फीडबैक सीएमओ ने टीवी कक्ष में चल रही जांच व्यवस्था देखी और मरीजों से दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। मेटरनिटी विंग में महिला मरीजों से उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल में पानी की उपलब्धता, जलभराव, जल निकासी और विद्युत व्यवस्था भी देखी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज दीक्षित ने बताया कि अस्पताल के चारों ओर जलभराव की समस्या बनी हुई है। बिजली कटौती के कारण कभी-कभी व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं। बिजली और जलभराव की समस्या दूर कराने के निर्देश विद्युत व्यवस्था की जानकारी मिलने पर सीएमओ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में मरीजों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुचारु रखने को कहा। सफाई व्यवस्था बेहतर रखने पर जोर सीएमओ ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था भी देखी। उन्होंने परिसर में नियमित सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को इलाज के साथ स्वच्छ और बेहतर वातावरण भी मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक समेत स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा।

