नशा तस्कर की 3.32 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त:होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते फ्रीज, कांगड़ा की नूरपुर पुलिस ने की कार्रवाई

नशा तस्कर की 3.32 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त:होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते फ्रीज, कांगड़ा की नूरपुर पुलिस ने की कार्रवाई

कांगड़ा जिले में नूरपुर पुलिस ने नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की 3.32 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है। पुलिस की वित्तीय जांच में होटल-कम-रेस्तरां, दुकानें, मोटर वाहन, अचल संपत्तियां और बैंक खातों में जमा राशि जैसी संपत्तियां सामने आई हैं। नई दिल्ली स्थित संबंधित अधिकारी ने पुलिस की जांच को सही मानते हुए 3 करोड़ 32 लाख 30 हजार 941 रुपए की संपत्ति की जब्ती पर मुहर लगा दी है। यह मामला पुलिस थाना डमटाल में 29 दिसंबर 2025 को दर्ज एफआईआर नंबर 167/25 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान बरामद हुई थी 1.852 किलो चरस जांच के दौरान आरोपी बलविंदर उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया गया था। वह इंदौरा तहसील के छन्नी गांव, जिला कांगड़ा का रहने वाला है। उसके कब्जे से 1 किलो 852 ग्राम चरस बरामद हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सिर्फ मादक पदार्थ की जांच तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी। पुलिस ने आरोपी की आय और संपत्तियों की वित्तीय जांच भी शुरू की। जांच में ऐसी संपत्तियों की पहचान की गई, जिनके बारे में पुलिस को शक था कि वे नशे के अवैध कारोबार से कमाई गई हैं। बैंक खातों को भी किया गया फ्रीज पुलिस ने जांच के आधार पर संबंधित चल-अचल संपत्तियों, होटल-कम-रेस्तरां, दुकानों, मोटर वाहनों और बैंक खातों में मौजूद धनराशि को कुछ समय के लिए फ्रीज कर दिया। कुल संपत्ति का मूल्य 3 करोड़ 32 लाख 32 हजार 352.94 पैसे रुपए बताया गया। इसके बाद नूरपुर पुलिस ने पूरी वित्तीय जांच रिपोर्ट नई दिल्ली स्थित संबंधित अधिकारी को भेजी। अधिकारी ने रिकॉर्ड और पुलिस की जांच की पड़ताल करने के बाद 9 सितंबर 2026 को आदेश संख्या NDPSA/FO/1098/DEL/2026 के जरिए 3 करोड़ 32 लाख 30 हजार 941 रुपए की संपत्ति की जब्त किए जाने की पुष्टि की। 29 करोड़ 95 लाख की प्रॉपर्टी की जा चुकी जब्त नूरपुर पुलिस के अनुसार, नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी और बरामदगी तक सीमित नहीं है। पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने के लिए उनकी संपत्तियों की भी जांच कर रही है। 10 सितंबर 2026 तक जिला पुलिस नूरपुर ने 17 अभियोगों में नशे के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों की कुल 29 करोड़ 95 लाख 92 हजार 857 रुपए की संपत्ति जब्त करवाई है। इसके अलावा कुछ अन्य मामलों में संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली के समक्ष विचाराधीन है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *