चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव में करीब 300 साल पुराने शिव मंदिर में शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ कर कई मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार बताया जा रहा है। पूजा करने पहुंचे ग्रामीण, अंदर टूटी मिलीं मूर्तियां मैनपुर गांव में स्थित यह शिव मंदिर करीब 300 साल पुराना बताया जा रहा है। मंदिर में शिवलिंग के अलावा कई देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। गुरुवार देर शाम पूजा करने के बाद मंदिर के पुजारी घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह ग्रामीण पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर के अंदर कई मूर्तियां क्षतिग्रस्त मिलीं। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही मंदिर में जुटी भीड़ मंदिर में तोड़फोड़ की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान ज्ञान प्रकाश गुप्ता, गोविंद गिरी और राहुल ने बताया कि मंदिर काफी पुराना है और ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ संदिग्ध लोगों को शुक्रवार देर रात मंदिर परिसर के आसपास देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस को कुछ लोगों पर शक है। दो संदिग्ध हिरासत में, एक की तलाश सूचना मिलने पर बबुरी थानाध्यक्ष किशोर चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर और आसपास के इलाके का निरीक्षण कर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, एक अन्य संदिग्ध के मौके से भागने की बात सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस बोली- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी थानाध्यक्ष किशोर चौबे ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

