सांसद अरुण सागर ने तीन ओपन जिम का उद्घाटन किया:विधानसभा चुनाव पर की चर्चा, बोले-ग्रामीणों को मुफ्त फिटनेस मिलेगी

सांसद अरुण सागर ने तीन ओपन जिम का उद्घाटन किया:विधानसभा चुनाव पर की चर्चा, बोले-ग्रामीणों को मुफ्त फिटनेस मिलेगी

शाहजहांपुर के पुवायां विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में गेल इंडिया की सीएसआर निधि से बनाए गए ओपन जिम का गुरुवार को उद्घाटन किया गया। कंजा पुरैना, महुरैना और हरना जाजू नगला गांव में बने इन जिम का दोपहर करीब 3 बजे भाजपा सांसद अरुण सागर ने उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सांसद का फूल-मालाओं से स्वागत किया। ‘ओपन जिम से ग्रामीणों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ’ उद्घाटन के दौरान सांसद अरुण सागर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए ओपन जिम काफी उपयोगी हैं। इनका इस्तेमाल कोई भी व्यक्ति अपने शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए कर सकता है। उन्होंने कहा कि अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों के लोग जिम जाकर अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। कई निजी जिम में फीस देनी पड़ती है। ऐसे में सीएसआर निधि से बनाए गए ये ओपन जिम ग्रामीणों के लिए बेहतर विकल्प हैं। तीनों जिम में मुफ्त एक्सरसाइज कर सकेंगे ग्रामीण सांसद ने कहा कि गेल इंडिया की सीएसआर निधि से बनाए गए ये तीनों ओपन जिम किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं हैं। यहां कोई भी ग्रामीण मुफ्त में एक्सरसाइज कर सकता है। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही खुशहाल जीवन की कुंजी है, इसलिए लोगों को नियमित व्यायाम के लिए इन सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए।
गांवों में विकास को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं सांसद अरुण सागर ने कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने से पहले ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें खराब थीं और लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद गांवों में विकास हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण कराया गया और गांवों को मुख्यालय व हाईवे से जोड़ा गया। कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील कार्यक्रम के दौरान सांसद और पार्टी पदाधिकारियों के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। सांसद ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने अलग-अलग गांवों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी कीं। सांसद ने कहा कि सभी कार्यकर्ता सक्रिय रहें और आने वाले चुनाव में पूरी मेहनत से जुटें। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का मुख्य उद्देश्य है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *