बुलंदशहर में नेशनल हाईवे-34 पर बुधवार दोपहर 2 बजे एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद निवासी अनुज अपने चाचा बुद्धपाल के साथ बाइक से सिकंदराबाद से बुलंदशहर जा रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही कोतवाली देहात क्षेत्र में एनएच-34 पर दरियापुर गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक टूट गई और दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में अनुज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुद्धपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वहां काफी लोग जमा हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल बुद्धपाल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अनुज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घायल का इलाज जारी है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

