मुरैना शहर के राठी अस्पताल में ऑपरेशन से डिलीवरी के बाद 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने बुधवार को अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। मृतका की पहचान सोनम परमार (29), निवासी जौरा रोड, मुरैना के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 9 अगस्त को सोनम की राठी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल के डॉक्टरों ने हार्ट में समस्या बताते हुए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। परिजन सोनम को उपचार के लिए ग्वालियर ले गए, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद बेहतर उपचार की उम्मीद में उसे आगरा ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान सोनम की मौत हो गई। आरोप- पेट की आंत कटने से इंफेक्शन फैला
परिजनों का आरोप है कि आगरा में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के समय पेट की आंत कट गई थी, जिसके कारण इंफेक्शन फैल गया। इसके चलते पेट में गंभीर संक्रमण हो गया और उपचार के दौरान सोनम की मौत हो गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर राठी अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। परिजनों ने अस्पताल संचालक डॉ. विवेक राठी सहित ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। सीएसपी दीपाली चन्दौरिया के अनुसार हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस परिजनों से घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।

