सोनभद्र में ‘ऑपरेशन शुद्धि’ अभियान के तहत पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार चल रहे सात आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। एसपी अभिषेक वर्मा ने सभी पुलिस टीमों को इन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अगर इन फरार आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को बताएं। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में फरार आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें की जा रही थीं। जब इनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई, तब इन पर 10 हजार से 25 हजार रुपये तक का इनाम रखा गया है। इनमें रायबरेली के चांदपुर थाना क्षेत्र के ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के उरमौरा निवासी रामू पर 20-20 हजार रुपये का इनाम है। जैत निवासी गोपाल पर 21 हजार और उरमौरा निवासी मंजूर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसी तरह चोपन थाना क्षेत्र के डाला चढ़ाई निवासी सुनीता पत्नी सुधीर उर्फ छोटू पर 10 हजार रुपये का इनाम है। चूड़ी गली मार्केट डाला निवासी हाशिम और डाला चढ़ाई निवासी रमेश चंद्रवंशी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। एसपी ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ दूसरी धाराओं में भी एफआईआर दर्ज हैं। एसपी अभिषेक वर्मा ने आरोपियों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

