सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना:जालौन में PDA सम्मेलन में रोजगार और पेपर लीक समेत कई मुद्दे उठाए

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना:जालौन में PDA सम्मेलन में रोजगार और पेपर लीक समेत कई मुद्दे उठाए

जालौन में समाजवादी पार्टी की ओर से उरई के कोंच रोड़ स्थित मधुवन बिला में PDA सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने रोजगार, पेपर लीक, किसानों, युवाओं, महिलाओं और पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक वर्गों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को रोजगार देने का बड़ा वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हर साल दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह विफल रही। उन्होंने कहा कि आज युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है और सरकार के दावों तथा जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। युवाओं के सामने लगातार नई समस्याएं आ रही उन्होंने NEET पेपर लीक, विश्वविद्यालयों में कथित PDA घोटाले और नौकरियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पारदर्शिता जरूरी है, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं के सामने लगातार नई समस्याएं खड़ी हुई हैं। श्यामलाल पाल ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के ‘400 पार’ के नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नारा संविधान बदलने की मंशा से दिया गया था, लेकिन जनता ने चुनाव में भाजपा को उसकी वास्तविक स्थिति का एहसास करा दिया। राम मंदिर के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जो लोग राम को लाने की बात करते थे, उन्होंने राम के नाम पर मिले चंदे का ही इस्तेमाल कर लिया। PDA को अखिलेश यादव के नेतृत्व में मिलेगा सम्मान सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि PDA की मजबूत कड़ी अखिलेश यादव बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद PDA वर्ग को पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने किसानों की उपज की आय दोगुनी करने, गरीब महिलाओं को 40 हजार रुपये की सहायता देने, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता में सुगमता प्रदान करने तथा युवाओं को रोजगार देने का दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाज के प्रत्येक वर्ग को सुविधाएं और सम्मान उपलब्ध कराया जाएगा। कोडीन माफियाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर शराब माफिया के कब्जे संबंधी बयान को लेकर भी श्यामलाल पाल ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कोडीन माफियाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि ऐसे माफियाओं के खिलाफ अब तक क्या प्रभावी कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को केवल बयानबाजी के बजाय माफियाओं के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। ओमप्रकाश राजभर पर भी साधा निशाना ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए श्यामलाल पाल ने कहा कि वह इधर-उधर राजनीतिक जगह तलाशने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में उन्हें जिस तरह परेशान किया जा रहा है, उसके चलते वह अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं और चाहते हैं कि किसी तरह उन्हें विधानसभा में पहुंचने का रास्ता मिल जाए। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता उन्हें विधानसभा नहीं भेजेगी। इंडिया गठबंधन के साथ रहने का दावा कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ है और गठबंधन आगे भी कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता जरूरी है और समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ मिलकर आगे की राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी। वंदे मातरम् को लेकर भाजपा पर हमला वंदे मातरम् के मुद्दे पर भी श्यामलाल पाल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में कांग्रेस सहित अनेक लोगों ने वंदे मातरम् का गायन किया और इसके प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब वंदे मातरम् के नाम पर राजनीति कर रही है और इसे लेकर उसका रुख महज दिखावा है। PDA सम्मेलन के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। सम्मेलन में उन्होंने PDA के सामाजिक समीकरण को समाजवादी पार्टी की राजनीतिक ताकत बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का संदेश दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *