जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र के चार खंभा इलाके में मोती नाले के पास एक भ्रूण मिला है। स्थानीय लोगों ने नाले के किनारे भ्रूण पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि भ्रूण लगभग 3 से 4 महीने का है। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है। पास में ही एक प्रसूति गृह होने की बात भी सामने आ रही है, जिसे लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले में कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा। यह भ्रूण हत्या का मामला है या किसी और वजह से शिशु को यहां छोड़ा गया, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही होगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक करने और प्रसूति गृह से जानकारी जुटाने में लगी है।

