शिवपुरी के पोहरी में झिरी सरकारी राशन दुकान में खाद्यान्न के स्टॉक में गड़बड़ी मिली है। जांच में दुकान से 154.84 क्विंटल खाद्यान्न कम मिला। इसकी कीमत 4 लाख 54 हजार 748.70 रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने दुकान के प्रबंधक निर्मल कुमार गर्ग और तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान सिंह यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। झिरी की सरकारी राशन दुकान का संचालन दुर्गा ग्रामीण महिला प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार मर्यादित भटनावर करती थी। संस्था के तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान यादव पर ग्राहकों को राशन बांटने में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। विभाग ने जांच के दौरान संस्था के प्रबंधक, तत्कालीन विक्रेता और अध्यक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया। इसके बाद 25 अगस्त 2026 को दुकान का भौतिक सत्यापन किया गया। स्टॉक का मिलान करने पर गेहूं और चावल की बड़ी मात्रा कम मिली। गेहूं और चावल दोनों का स्टॉक मिला कम
जांच रिपोर्ट के मुताबिक दुकान में 92.98 क्विंटल गेहूं कम मिला। इसकी कीमत 2 लाख 49 हजार रुपए बताई गई है। वहीं 61.86 क्विंटल चावल की कमी मिली, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 4 हजार रुपए है। दोनों को मिलाकर 154.84 क्विंटल खाद्यान्न कम मिला। जांच में स्टॉक की कमी को मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 की कंडिका 13(02) का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद प्रभारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पारस दुबे ने 8 सितंबर को पोहरी थाने में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रबंधक निर्मल कुमार गर्ग और तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान सिंह यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

