50 परिवार पट्टे और पानी की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे:बोले- वर्षों से बसे हैं, अब तक नहीं मिला मालिकाना हक

50 परिवार पट्टे और पानी की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे:बोले- वर्षों से बसे हैं, अब तक नहीं मिला मालिकाना हक

मऊगंज जिले की हनुमना तहसील के दादर पश्चिमी गांव के करीब 50 परिवार मंगलवार दोपहर अपनी समस्याएं लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने जमीन का पट्टा दिलाने और गांव में पीने के पानी की सही व्यवस्था कराने की मांग को लेकर अधिकारियों को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि वे लंबे समय से सरकारी जमीन पर रह रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि गांव के कई परिवार सालों से सरकारी जमीन पर बसे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ज्यादातर परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। जमीन पर मालिकाना हक न होने के कारण उन्हें लगातार असुरक्षा महसूस होती है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को यह भी बताया कि गांव में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में जल्द से जल्द पीने के पानी की उचित व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव से शिकायत कर चुके हैं। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को भी आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। पात्र परिवारों को नियमानुसार जमीन का पट्टा दिया जाए और गांव में पानी की कमी दूर करने के लिए तुरंत व्यवस्था की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *