कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात 41 वर्षीय प्राइवेट टीचर पवन मिश्रा की मौत हो गई। पत्नी से वीडियो कॉल के दौरान उन्होंने अपनी जान देने की बात कही थी। कॉल कटने के बाद पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिसकर्मी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और कमरे का दरवाजा खोलकर पवन को गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 10 दिन पहले मायके गई थी पत्नी बर्रा निवासी श्वेता गृहणी हैं। परिवार में पति पवन मिश्रा, बेटा रुद्र और बेटी पावनी हैं। पवन प्राइवेट टीचर थे। श्वेता के मुताबिक, वह करीब 10 दिन पहले अपने मायके बंदायू गई थीं। पवन घर पर अकेले रह रहे थे। सोमवार रात करीब 11 बजे पवन ने श्वेता को वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान वह भावुक थे और उन्होंने अपनी जान देने की बात कही। कुछ देर बाद कॉल कट गया। इसके बाद श्वेता ने लगातार फोन किया, लेकिन पवन ने कॉल रिसीव नहीं किया। अनहोनी की आशंका में उन्होंने तत्काल 112 पर सूचना दी। दरवाजा अंदर से बंद था, दीवार फांदकर घर में घुसी पुलिस सूचना मिलते ही बर्रा पुलिस पवन के घर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। कमरे का दरवाजा भी बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया तो पवन गंभीर हालत में मिले। उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में दोनों पक्षों में तनातनी मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस में पवन की मां कृष्णा कुमारी ने बहू श्वेता पर बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पत्नी की वजह से पवन परेशान रहते थे और मानसिक तनाव में थे। वहीं, पत्नी पक्ष की ओर से भी दूसरे पक्ष पर आरोप लगाए गए। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप को लेकर तनातनी हो गई। शव ले जाने को लेकर स्थिति झड़प तक पहुंचने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस बोली- दोनों पक्ष लगा रहे आरोप बर्रा थाना प्रभारी रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पत्नी ने देर रात फोन कर घटना की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक का शव मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। किसी भी पक्ष से तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

