एटा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की चार घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली नगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बाइक, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया। अलग-अलग जगहों से चोरी हुई थीं बाइक नगला हमीर निवासी नरसिंह की स्प्लेंडर बाइक जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई थी। वहीं 7 सितंबर को धूमरिया निवासी ओमकार की बाइक माया पैलेस के पास जगराज रेस्टोरेंट के बाहर से चोरी हुई। इसी दिन ग्राम बेरी निवासी धीरेंद्र की पैशन प्रो और कबार निवासी पूरन की एचएफ डीलक्स बाइक भी जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई थीं। चारों मामलों में कोतवाली नगर में मुकदमे दर्ज किए गए थे। तिराहे से दोनों को पकड़ा एसएसपी एटा डॉ. इलामारन ने घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने शिवसिंहपुर तिराहा, सर्वोदय आश्रम के आगे पेट्रोल पंप के पास सहावर रोड की ओर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजीम हुसैन (22) निवासी ईखू, थाना फरिहा, फिरोजाबाद और रिन्कू निवासी सत्तारपुर, थाना बागवाला, एटा के रूप में हुई। क्षेत्राधिकारी सिटी कृतिका सिंह ने मंगलवार शाम करीब 6 बजे मामले का खुलासा किया। एक के पास तमंचा, दूसरे से चाकू बरामद पुलिस के मुताबिक मुजीम हुसैन के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। वहीं रिन्कू के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। दोनों के पास से चोरी की चारों बाइक भी बरामद कर ली गईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित चोरी के मुकदमों के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीम और विभिन्न चौकी प्रभारियों की अहम भूमिका रही।

