खाने से पहले फल और सब्जियों को ऐसे करें साफ, पानी, सिरका और नमक से जुड़े ये तरीके आएंगे काम

खाने से पहले फल और सब्जियों को ऐसे करें साफ, पानी, सिरका और नमक से जुड़े ये तरीके आएंगे काम

Fruits And Vegetables Cleaning Tips: हेल्दी रहने के लिए लोग अपनी डाइट में फल और सब्जियां शामिल करना पसंद करते हैं। फलों और सब्जियों की सतह पर कीटनाशक के अवशेष हो सकते हैं, जो हमेशा आंखों से दिखाई नहीं देते। इन कीटनाशकों में मौजूद जहरीले रसायन सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए फलों और सब्जियों को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह साफ करना जरूरी है। आइए, दिल्ली सरकार के Department of Food Safety के अनुसार जानते हैं कि फलों और सब्जियों को कैसे साफ करना चाहिए।

पानी से अच्छी तरह धोएं

दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, फलों और सब्जियों को साफ बहते पानी में अच्छी तरह धोना चाहिए। धोने के बाद इन्हें साफ कपड़े या पेपर टॉवल से सुखाना चाहिए।

रगडकर साफ करें

गाजर, आलू और शलजम जैसी सब्जियों को मुलायम ब्रश या कपड़े से 5 से 10 सेकंड तक रगड़कर साफ करना चाहिए। इसके बाद इन्हें हल्के गर्म पानी से धोना चाहिए।

पत्तेदार सब्जियों की बाहरी परत हटा दें

पत्तागोभी जैसी पत्तेदार सब्जियों की बाहरी परत को हटाने के बाद उन्हें अच्छी तरह धोना चाहिए। इससे बाहरी सतह पर मौजूद गंदगी और अवशेष को हटाने में मदद मिल सकती है।

छीलकर इस्तेमाल करें

आम, नाशपाती और कीवी जैसे फलों तथा लौकी, तोरई और खीरे जैसी सब्जियों को काटने से पहले छील लेना चाहिए। छिलका उतारने के बाद इन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धोकर इस्तेमाल करें।

पानी में भिगोकर धोएं

जिन सब्जियों और फलों को छिलके के साथ खाया जाता है, उन्हें इस्तेमाल करने से पहले आधे घंटे से एक घंटे तक पानी में भिगोकर रखने के बाद अच्छी तरह धोकर सेवन करें।

सिरके के घोल में भिगोएं

दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, फलों और सब्जियों को 5 से 10 मिनट तक पानी में मिले सिरके के घोल में भिगोने के बाद साफ पानी से अच्छी तरह धोकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है ।

नमक वाले गर्म पानी से धोएं ये सब्जियां

फूलगोभी, पालक, ब्रोकली और पत्तागोभी जैसी सब्जियों को सामान्य नमक वाले हल्के गर्म पानी से धोने चाहिए।

नींबू और बेकिंग सोडा का घोल

1 बडा चम्मच नींबू का रस, 2 बडे चम्मच बेकिंग सोडा और 1 कप पानी या 1 बडा चम्मच नींबू का रस, 2 बडे चम्मच सफेद सिरका और 1 कप पानी या एक चौथाई कप सिरका और 2 बडे चम्मच नमक का घोल बनाकर फलों और सब्जियों को एक बडे बर्तन में 30 मिनट तक भिगोने के बाद इन्हें साफ पानी से धोकर इस्तेमाल करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *