शिवपुरी में जिला स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को तात्या टोपे शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय के मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से बालक और बालिका खिलाड़ी शामिल हुए। कबड्डी, नेटबॉल, हॉकी और फुटबॉल सहित कई खेलों के मुकाबले कराए जा रहे हैं। कबड्डी में नरवर की जूनियर छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए करेरा की टीम को दोनों मुकाबलों में हराया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मैदान पर उत्साह का माहौल रहा। कबड्डी में नरवर की टीम का शानदार प्रदर्शन कबड्डी के मुकाबलों में नरवर की जूनियर छात्राओं ने शुरुआत से ही अच्छा खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने तेज रेड लगाकर अंक जुटाए और मजबूत टैकल के जरिए करेरा की टीम को रोकने में सफलता हासिल की। पहले मुकाबले में नरवर की टीम ने करेरा को 22-6 से हराया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में भी नरवर ने 18-7 से जीत दर्ज की। हर अंक के लिए खिलाड़ियों में दिखा जोश मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हर अंक के लिए जोरदार मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ी अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए पूरा जोर लगाते नजर आए। वहीं, दर्शक भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते दिखे। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आगे बड़ी प्रतियोगिताओं में मिलेगा मौका जिला स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बड़ी प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। खेल शिक्षकों और स्टाफ ने संभाली व्यवस्थाएं प्रतियोगिता के आयोजन में जिला खेल निरीक्षक चंद्रशेखर वेमेटे का अहम योगदान रहा। उनके साथ यादवेंद्र चौधरी, अब्दुल रजाक खान, भगवत शर्मा, बसंत, बृजमोहन जाट, नीरज सरैया, मनोज खत्री, नीरजा भार्गव, रेखा शर्मा, घनश्याम और शुभी रानी सहित खेल शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ ने आयोजन में सहयोग किया।

