करनाल में नकली नोटों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने के मामले में पुलिस ने पानीपत जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला एक प्रिंटर और 100 रुपए के नोट के आकार के सफेद कागज बरामद बरामद हुए। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को संधीर रोड, नीलोखेड़ी पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वोक्सवैगन पोलो कार को रोककर तलाशी ली। कार की डिग्गी से 200 रुपए के नोट के आकार के 250 नकली नोट और इसी आकार के कांच के 16 टुकड़े बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। रिमांड के दौरान प्रिंटर और कागज बरामद पुलिस ने मामले में कुलदीप निवासी संजौली गांव, थाना बापोली, जिला पानीपत को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से 100 रुपए के नोट के आकार के सफेद कागजों से भरा एक बैग और एक प्रिंटर बरामद किया। पुलिस इन सामानों की मामले में भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से की सावधान रहने की अपील पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम समय में पैसे दोगुने करने या अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देने वाले लोगों से सावधान रहें। ऐसे किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर पैसों का लेन-देन न करें। यदि किसी को नकली नोटों या ठगी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

