उदयपुर की अंबामाता थाना पुलिस ने मल्लातलाई एरिया में 6 दिन पहले हुई फायरिंग के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। वर्चस्व जमाने और बदला लेने के लिए फायरिंग की थी। मामले में पुलिस ने रजा कॉलोनी निवासी ताज मोहम्मद उर्फ शेरा को गिरफ्तार किया। इससे एक पिस्टल और वारदात में उपयोग ली बाइक जब्त की है। बता दें, हिस्ट्रीशीटर बड़ा मेवाती की मल्लातलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद आरिफ व अरबाज खान से वर्चस्व को लेकर लंबे समय से रंजिश है। गुरुवार रात 1:17 बजे बड़ा मेवाती अपने साथियों के साथ आरिफ और अरबाज के घर के बाहर पहुंचा। मकान पर बीयर की बोतलें फेंकी। फिर गेट पर फायरिंग करके सभी भाग गए। पुलिस ने 12 घंटे में 3 आरोपियों डबोक और भीलवाड़ से पकड़ लिया था। साथ ही एक नाबालिग डिटेन किया था। रोब जमाने के लिए खरीदा था देसी कट्टा दूसरी कार्रवाई में डीएसटी ने पिछोला रिंग रोड पर किसी युवक के पास हथियार होने की सूचना थाने को दी थी। दोनों टीमों ने घेराबंदी कर भूपालपुरा निवासी शिवराज सिंह चौहान को पकड़ा। उसके पास देसी कट्टा मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त किया। पूछताछ में सामने आया कि खौफ पैदा करने और रुतबा कायम करने के लिए आरोपी ने 3 साल पहले धानमंडी निवासी सोनू घांचा से देसी कट्टा खरीदा था।

