हॉप शूट्स है दुनिया की सबसे महंगी सब्जी, एक किलोग्राम की कीमत इतनी कि आ जाएगी नई मोटरसाइकिल

हॉप शूट्स है दुनिया की सबसे महंगी सब्जी, एक किलोग्राम की कीमत इतनी कि आ जाएगी नई मोटरसाइकिल

दुनिया में कई महंगी चीजें हैं। अगर सब्जियों की बात करें, तो मन में ख्याल आता है कि सब्जियाँ ज़्यादा महंगी नहीं होती है, क्योंकि यह दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली चीज़ है। लेकिन ऐसा नहीं है। हॉप शूट्स (Hop Shoots) नाम की सब्जी दुनिया की सबसे महंगी सब्जी है। इसकी कीमत सुनकर कई लोग तो हैरान रह जाते हैं। हॉप शूट्स की कीमत लगभग 1,000 डॉलर प्रति किलोग्राम है, जिसकी भारतीय करेंसी में वैल्यू करीब 94,500 रूपए है। इस कीमत में एक नई मोटरसाइकिल खरीदी जा सकती है।

क्यों है इतनी महंगी?

हॉप शूट्स के महंगी होने का मुख्य कारण है इसका दुर्लभ होना और इसकी कटाई में काफी मेहनत लगना। हॉप शूट्स जमीन के करीब अनियमित रूप से उगती है। मजदूरों को घंटों झुककर, घास-फूस के बीच से इन्हें हाथ से चुनकर इनकी कटाई करनी पड़ती है जो आसान काम नहीं है। एक किलोग्राम हॉप शूट्स इकट्ठा करने के लिए सैकड़ों छोटे-छोटे टुकड़ों की ज़रूरत होती है। ये बेहद नाज़ुक होते हैं और जल्दी ही मुरझा जाते हैं। इसके अलावा बड़े पैमाने पर इस सब्जी की खेती करना भी मुश्किल होता है, इसलिए इसकी सप्लाई भी काफी सीमित रहती है। यह भी हॉप शूट्स के महंगी होने का एक कारण है।

स्वाद और इस्तेमाल

हॉप शूट्स का स्वाद हल्का कड़वा होता है। यूरोपीय फाइन डाइनिंग में इसे बटर में सॉटे करके सलाद में या सूप में परोसा जाता है। स्वास्थ्य के लिहाज से इनमें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और खनिज पाए जाते हैं। हॉप शूट्स असल में हॉप प्लांट की हरी टहनियाँ होती हैं। यही पौधा बीयर बनाने में इस्तेमाल होने वाले फूल (हॉप कोन्स) पैदा करता है। बीयर उद्योग में फूलों का इस्तेमाल होता है, जबकि वसंत ऋतु की शुरुआत में निकलने वाले छोटे-छोटे हॉप शूट्स को सब्जी के रूप में खाया जाता है।

कहाँ उगाई जाती है?

हॉप शूट्स को मुख्य रूप से बेल्जियम (Belgium), नीदरलैंड (Netherlands), जर्मनी (Germany) और फ्रांस (France) के कुछ हिस्सों में उगाया जाता है। सामान्य बाजार में यह सब्जी दुर्लभता और सीमित सप्लाई की वजह से आसानी से नहीं मिलती। हॉप शूट्स हाई-एंड रेस्टोरेंट और विशेष ऑर्डर पर उपलब्ध होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *