मुरादाबाद में एक आधुनिक स्लाटर हाउस बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है। सपा के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन की सिफारिश पर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने एमडीए ने महायोजना 2031 में इसके लिए प्रस्ताव चिन्हित कर दिया है। मुरादाबाद में लंबे समय से मुस्लिम नेताओं द्वारा आधुनिक स्लाटर हाउस की मांग की जाती रही है। मुरादाबाद में पहले से संचालित स्लाटर हाउस को सरकार द्वारा बंद कराया जा चुका है। ऐसे में नए स्लाटर हाउस के लिए महायोजना में जगह चिन्हित किए जाने पर सियासी गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण का वो पत्र भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे एमडीए के सचिव की ओर से डॉ. एसटी हसन को जारी किया गया है।
डॉ. एसटी हसन काफी समय से मुरादाबाद में स्लाटर हाउस के लिए पैरवी करते रहे हैं। उनका तर्क है कि इलाके में बड़ी मुस्लिम आबादी के लिए मीट की जरूरत है और यदि स्लाटर हाउस नहीं होगा तो अवैध कटान के मामले सामने आएंगे।
मुरादाबाद में पहले असालतपुरा में स्लाटर हाउस था। जिसे करीब 15 साल पहले बंद करा दिया गया था। इसके बाद से मुरादाबाद में कोई भी स्लाटर हाउस नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे छोटे-छोटे स्लाटर हाउसों को भी प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद बंद कर दिया गया था। लेकिन अब पूर्व सपा सांसद की सिफारिश पर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा आधुनिक स्लाटर हाउस का प्रस्ताव महायोजना में शामिल कर लिया गया है।

