उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मंगलवार को गाजियाबाद में शक्ति संवाद और कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम किया। इस दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत पांच नवजात बच्चियों का जन्मोत्सव मनाकर उनके माता-पिता को बेबी किट दी गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया गया। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से उन्हें आर्थिक मजबूती और समाज में पहचान मिली है। रजनी त्यागी ने बताया कि वह बैंक सखी के रूप में काम करती हैं और पशुपालन से करीब 18 हजार रुपये मासिक कमाती हैं। वहीं, रानी ने कहा कि समूह से जुड़ने के बाद उनकी अपनी पहचान बनी और अब वह करीब 20 हजार रुपये प्रतिमाह कमा रही हैं। डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

