जालौन में शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। रुक-रुककर हो रही बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगह सड़कों और खेतों में पानी भर गया। उरई के निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय उरई में बारिश का सबसे ज्यादा असर निचले इलाकों में दिखाई दिया। तिलक नगर में ज्यादा पानी भरने से कई घर प्रभावित हुए हैं। घरों के आसपास जलभराव होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पानी निकासी की व्यवस्था प्रभावित हुई है। अगर जल्द पानी नहीं निकला तो स्थिति और बिगड़ सकती है। मलंगा नाले का बढ़ रहा जलस्तर लगातार बारिश के कारण उरई के मलंगा नाले का जलस्तर भी बढ़ रहा है। नाले के आसपास रहने वाले लोगों में जलस्तर बढ़ने को लेकर चिंता है। स्थानीय स्तर पर प्रशासन को जलभराव और नाले के आसपास की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। खेतों में पानी भरने से किसान परेशान ग्रामीण इलाकों में भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए हैं और लोगों को जरूरी काम के लिए घरों से निकलने में भी दिक्कत हो रही है।

