मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज 6 सितंबर को बवानीखेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प जनसभा में करीब 78 करोड़ रुपए की लागत वाली 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 3 परियोजनाओं का शिलान्यास और 4 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है। जनसभा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। डीसी साहिल गुप्ता की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जनसभा में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पंडाल में बैठने की व्यवस्था की गई है। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग भी की गई है। 25 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल का होगा शिलान्यास मुख्यमंत्री गांव प्रेमनगर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम से बनने वाले 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना पर 9 करोड़ 59 लाख 93 हजार रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा गांव नाथूवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 3.20 किलोमीटर लंबी नई लिंक रोड का शिलान्यास किया जाएगा। इस पर करीब 1 करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपए की लागत आएगी। स्कूल भवन और तहसील परिसर का उद्घाटन मुख्यमंत्री गांव गुजरानी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन करेंगे। इस पर 3 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपए खर्च हुए हैं। वहीं कलिंगा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का भी उद्घाटन होगा, जिस पर 2 करोड़ 62 लाख 77 हजार रुपए की लागत आई है। खेड़ा में तहसील परिसर समेत कई परियोजनाएं सिवानी उपमंडल के गांव खेड़ा में तहसील कार्यालय परिसर, कैनाल रेस्ट हाउस और स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग का उद्घाटन किया जाएगा। इस परियोजना पर 16 करोड़ 98 लाख 17 हजार रुपए खर्च हुए हैं। इसके अलावा बवानीखेड़ा कस्बे की जलापूर्ति योजना के तहत स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने वाली परियोजना का भी उद्घाटन होगा। इस पर 29 करोड़ 89 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री गांव बलियाली में करीब 4 करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे।

