देवरिया में जन्माष्टमी पर आधी रात गूंजे बधाई गीत:पुलिस लाइन में बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकी और नृत्य से बांधा समां, मेले में उमड़ी भीड़

देवरिया में जन्माष्टमी पर आधी रात गूंजे बधाई गीत:पुलिस लाइन में बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकी और नृत्य से बांधा समां, मेले में उमड़ी भीड़

देवरिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को देवरिया में उत्सव का माहौल रहा। पुलिस लाइन, जिला कारागार, रोडवेज, नगर पालिका परिसर और थानों के मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं। घरों में भी डोल रखकर संकीर्तन किया गया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में बधाई गीत गूंजने लगे। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। पुलिस लाइन स्थित मंदिर में एसपी अभिजित आर. शंकर के नेतृत्व में जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सदर विधायक शलभमणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, पूर्व सांसद रमापति त्रिपाठी और जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह शामिल हुए। राजपत्रित अधिकारी, पुलिस परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर को फूलों और विद्युत झालरों से सजाया गया था। पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के बाद बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकी, नृत्य और भजनों की प्रस्तुति दी। दर्शकों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। एसपी ने पुलिस परिवार और जनपदवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। पुलिस लाइन के बाहर लगा मेला, झूलों पर बच्चों की भीड़ पुलिस लाइन मंदिर के सामने सड़क किनारे लगे मेले में शहर और गांव से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों, महिलाओं और युवाओं की भीड़ से मेला गुलजार रहा। चाट, फुलकी, जलेबी, मोमोज, बर्गर, पास्ता और चाउमिन की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। खिलौनों की दुकानों पर बांसुरी, मोटरकार समेत कई तरह के खिलौने बच्चों को आकर्षित करते रहे। चरखी, झूले और जंपिंग ग्राउंड पर बच्चों ने जमकर आनंद लिया। कई बच्चे अपनी पसंद का खिलौना खरीदने के लिए अभिभावकों से जिद करते नजर आए। नगर पालिका में कालिय मर्दन की झांकी बनी आकर्षण नगर पालिका परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी सजाई गई। यहां कालिय मर्दन और मथुरा जेल के दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। झांकी में सजे बंदरों को देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए। जिला कारागार और रोडवेज में भी हुए कार्यक्रम जिला कारागार में जेल अधीक्षक ने पूजा-अर्चना की। यहां सजाई गई श्रीकृष्ण की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। देर रात तक भजन-कीर्तन चलता रहा। रोडवेज परिसर स्थित मां दुर्गा मंदिर में भी डोल रखकर पूजा-अर्चना की गई। तिरुपति बालाजी मंदिर में जन्म के साथ गूंजे बधाई गीत श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में स्वामी राजनारायणाचार्य के संयोजन में शुक्रवार रात तक भजन-कीर्तन हुआ। राधा-कृष्ण की वेशभूषा में कलाकारों ने धार्मिक प्रस्तुतियां दीं। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिर परिसर बधाई गीतों से गूंज उठा। शहर के श्रीराम जानकी मंदिर और कसया रोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। मंदिरों और मोहल्लों में देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे। घरों में बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजाया जन्माष्टमी पर घरों में भी उत्साह नजर आया। लोगों ने बच्चों को श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में तैयार किया। इसके बाद फोटो खींचकर इंटरनेट मीडिया पर साझा किए। पुलिस के अनुसार, जिले में जन्माष्टमी के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *