अरनोद पुलिस ने सोशल मीडिया पर खुद के फांसी लगाने का वीडियो पोस्ट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक ने डर का माहौल बनाने के लिए यह वीडियो पोस्ट किया था। पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को एक वीडियो मिला। इसमें युवक ने अपनी फोटो के साथ एक गाना लगाकर फंदा लगाने की पोस्ट इंस्टाग्राम पर डाली थी। तकनीकी मदद से जांच में सामने आया कि यह सोशल मीडिया अकाउंट भाटखाली, अरनोद निवासी चेतन पिता भेरूलाल मीणा का है। पिता की डांट के बाद वीडियो बनाया पुलिस ने तलाश कर चेतन मीणा को अरनोद के गौतमेश्वर रोड से पकड़ा। पूछताछ में युवक ने बताया कि काम न करने और घूमने पर पिता की डांट के बाद उसने घरवालों पर दबाव बनाने और सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए यह वीडियो बनाया था। युवक ने वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट किया था। पुलिस ने परिजनों और आम लोगों में डर की स्थिति पैदा होने और अपराध रोकने के लिए चेतन मीणा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

