विंडसर हिल्स में बिल्डर ने बिजली बिल नहीं भरा:लाखों का बकाया; 700 से ज्यादा घरों में अंधेरा, लिफ्ट-पानी बंद, रहवासी परेशान

विंडसर हिल्स में बिल्डर ने बिजली बिल नहीं भरा:लाखों का बकाया; 700 से ज्यादा घरों में अंधेरा, लिफ्ट-पानी बंद, रहवासी परेशान

ग्वालियर के विंडसर हिल्स सोसाइटी के 700 से ज्यादा घरों में गुरुवार को बिजली गुल हो गई। दोपहर करीब 12 बजे बिजली सप्लाई बंद होने के बाद शाम तक लोग अंधेरे में रहे। बिजली नहीं होने से लिफ्ट भी बंद हो गईं, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले बुजुर्गों, बीमार लोगों और बच्चों को सीढ़ियों से आने-जाने में दिक्कत हुई। करीब पांच घंटे तक कई घरों में पानी की सप्लाई पर भी असर पड़ा। रहवासियों का आरोप है कि वे हर महीने समय पर मेंटेनेंस और बिजली का बिल जमा करते हैं। इसके बावजूद बिल्डर ने बिजली विभाग का लाखों रुपए का बकाया बिल जमा नहीं किया। इसी वजह से बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया। अचानक बिजली बंद होने से सोसाइटी के लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बिल्डर की लापरवाही के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। रहवासी निरंजन ने बताया कि सोसाइटी में लोग शुरुआत से मेंटेनेंस की रकम दे रहे हैं। बिजली के लिए भी पैसा लिया जाता है। फिर भी बिजली विभाग का बिल समय पर जमा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से बिजली बंद है और छह घंटे बाद भी लोगों की परेशानी कम नहीं हुई। कई लोग छह मंजिल तक ऊपर-नीचे नहीं जा पा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए हालात ज्यादा मुश्किल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बिजली से ही पानी की मोटर चलती है, इसलिए बिजली जाते ही घरों में पानी की समस्या भी हो गई। बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *