जैसलमेर नगर परिषद चुनाव में 9 सितंबर को 45 की बजाय 44 वार्डों में वोटिंग होगी। वार्ड नंबर 23 में प्रत्याशी के निर्विरोध चुन लिए जाने से वहां वोटिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिला प्रशासन ने शेष 44 वार्डों में मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए कमर कस ली है। शहर के कुल 36,642 मतदाता अब इस चुनावी महाकुंभ में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर शहर के विकास की नई इबारत लिखेंगे। 17 हजार से अधिक महिला- 2 थर्ड जेंडर मतदाता प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार कुल वोटरों में 19,162 पुरुष और 17,478 महिला मतदाता शामिल हैं। इनके अलावा वार्ड 11 और 13 में एक-एक यानी कुल 2 थर्ड जेंडर वोटर भी अपनी हिस्सेदारी दर्ज कराएंगे। प्रशासन का पूरा फोकस महिला और युवा वोटरों की शत-प्रतिशत भागीदारी पर टिका है। मतदाताओं के गणित पर नजर डालें तो वार्ड 39 सबसे बड़ा गढ़ है, जहां 1,331 वोटर किस्मत का फैसला करेंगे। वहीं, वार्ड 9 सबसे छोटा है, जहां महज 432 वोटर्स के हाथ में चाबी होगी। बूथों पर फाइव-स्टार सुविधाएं गर्मी और लंबी कतारों को देखते हुए बूथों पर ठंडा पानी, छांव, रैंप और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि किसी को परेशानी न हो।

