सिटी कोतवाली इलाके के दिल्ली रोड पर इंडियन एग्रीकल्चर दुकान में चोरों ने छत की पटिया उखाड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर दुकान के पास लगे पेड़ के सहारे छत पर पहुंचे और पटिया हटाकर अंदर घुस गए। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। मोहल्ला गढ़ गेट चौकी इलाके के रहने वाले व्यापारी मोहम्मद इकबाल मलिक की दिल्ली रोड पर इंडियन एग्रीकल्चर नाम से दो दुकानें एक-दूसरे के बगल में हैं। व्यापारी ने बताया कि बुधवार रात वह दोनों दुकानें बंद करके घर चले गए थे। रात लगभग एक बजे चोरों ने दुकानों पर धावा बोल दिया। गुरुवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पता चला कि कॉपर, लोहा और मशीनरी का सामान गायब था। व्यापारी ने बताया कि चोर पहले दुकान के पास मौजूद पेड़ के सहारे छत पर चढ़े। इसके बाद छत की पटिया उखाड़कर दुकान के अंदर घुस गए। चोरों ने दोनों दुकानों को निशाना बनाया और कीमती सामान लेकर भाग गए। मोहम्मद इकबाल मलिक ने बताया कि चोर कॉपर के सात बड़े बंडल, वेल्डिंग मशीन की लीड, चार कटर और बड़ी मात्रा में लोहे का सामान ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये है। सीसीटीवी फुटेज में चोर दुकान की ओर जाते हुए दिख रहे हैं। व्यापारी ने यह भी बताया कि इसी मार्केट में पहले भी 10 से 12 बार चोरी हो चुकी हैं। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पहचानने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।

