राकेश सचान बोले, “टेक्सटाइल पार्कों में सस्ती जमीन देंगे”:रोजगार बढ़ाना लक्ष्य, मजबूत कनेक्टिविटी और पॉलिसी से निवेशकों का बढ़ा भरोसा

राकेश सचान बोले, “टेक्सटाइल पार्कों में सस्ती जमीन देंगे”:रोजगार बढ़ाना लक्ष्य, मजबूत कनेक्टिविटी और पॉलिसी से निवेशकों का बढ़ा भरोसा

उत्तर प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और प्रदेश में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 2022-23 में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रदेश सरकार ने निवेश आकर्षित करने के लिए आठ समूह बनाए थे। इन समूहों में मंत्री और अधिकारी शामिल रहे, जिन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों में जाकर निवेशकों से संपर्क किया। मंत्री ने कहा कि दुबई में भी लगातार चार दिन तक निवेशकों के बीच रहकर उत्तर प्रदेश की संभावनाओं को बताया गया। वहां करीब 23 हजार करोड़ रुपये के एमओयू किए गए। इसके बाद निवेशकों ने उत्तर प्रदेश का रुख किया और कई परियोजनाओं में निवेश शुरू हुआ।
50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिल
राकेश सचान ने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट के बाद उत्तर प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें अकेले वस्त्र उद्योग के लिए करीब 70 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया गया। रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी से बढ़ा भरोसा
मंत्री ने कहा कि किसी भी निवेशक के लिए प्रदेश की नीतियों के साथ-साथ रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी भी महत्वपूर्ण होती है। उत्तर प्रदेश में लगातार कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है। जब निवेश आता है और उद्योग जमीन पर दिखाई देते हैं तो देश-दुनिया में यह संदेश जाता है कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ नीतियां नहीं बनतीं, बल्कि उन पर काम भी होता है।
छह महीने में बजट का 40% खर्च
राकेश सचान ने कहा कि विभाग ने अपने बजट का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा छह महीने में ही खर्च कर दिया है। सरकार की कोशिश योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने की है। टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ और हरदोई में तैयार किए जा रहे टेक्सटाइल पार्कों का जल्द उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा संतकबीरनगर, वाराणसी और बरेली समेत कई जिलों में टेक्सटाइल पार्क विकसित किए जा रहे हैं। मंत्री के मुताबिक करीब 10 टेक्सटाइल पार्क विकसित करने की योजना है। इनमें से पांच के लिए जमीन चिन्हित की जा चुकी है। लक्ष्य है कि नवंबर तक इन पार्कों का शिलान्यास कराया जाए।
उद्यमियों को सस्ती दर पर जमीन
टेक्सटाइल पार्कों में निवेश करने वाले उद्यमियों को सस्ती दरों पर जमीन उपलब्ध कराने की योजना है। सरकार का मानना है कि इससे नए उद्योग स्थापित होंगे और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
राकेश सचान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का है। इसके लिए निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देने वाली नीतियों में जरूरत के मुताबिक सुझाव और बदलाव किए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *