Prakash Raj SIR Protest: साउथ एक्टर प्रकाश राज इन दिनों कर्नाटक में SIR यानी स्पेशल इंटेसिव रिविजन के खिलाफ आंदोलन को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। प्रकाश राज को हाल ही में बेंगलुरु पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया था। अब उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए एक बार फिर SIR के खिलाफ हमला बोला है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
प्रकाश राज ने शेयर किया वीडियो
दरअसल प्रकाश राज ने अपने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा है- ‘SIR एक साजिश है… SIR एक जानबूझकर किया गया फर्जीवाड़ा है… SIR इस देश के नागरिकों के खिलाफ बिना खून बहाए किया जा रहा तख्तापलट है… SIR को खत्म किया जाना चाहिए।’
बता दें, कुछ दिन पहले खारघर में कथित तौर पर एक बीजेपी कार्यकर्ता को एक जेरॉक्स दुकान पर 3,404 भरे हुए आधिकारिक SIR फॉर्म की फोटोकॉपी करते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निलंबित कर दिया गया है।
इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर भरे हुए सरकारी फॉर्म एक राजनीतिक कार्यकर्ता तक कैसे पहुंचे और क्या आधिकारिक रिकॉर्ड तक बिना अनुमति के पहुंच बनाई गई थी। मामले की जांच अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इसी घटना को लेकर अब प्रकाश राज का गुस्सा फूट पड़ा है।
हिरासत में लिए गए प्रकाश राज
इससे पहले 1 सितंबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में नागरिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठा रहे थे। इसी प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज और अभिनेता किशोर भी शामिल हुए।
प्रकाश राज ने मंच से कहा कि SIR की प्रक्रिया को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ी तो आंदोलन लंबे समय तक चलेगा और इसके लिए कानूनी रास्ता भी अपनाया जाएगा। उनका कहना था कि किसी भी योग्य नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। इसके बाद प्रकाश राज समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
‘कर्नाटक तब तक नहीं सोएगा’
हिरासत के बाद प्रकाश राज का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए काफी आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने कहा कि SIR को वापस लिए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनके मुताबिक, इस मुद्दे पर अदालत का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा और कर्नाटक सरकार से भी आंदोलन के साथ खड़े होने की मांग की जाएगी।


BREAKING: C grade Actor
(@MeghUpdates)