ग्वालियर में करवाचौथ मनाने जम्मू-कश्मीर से आए सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी में जवान ने 12 साल की बेटी और 14 साल के बेटे के सामने पत्नी रिंकी जाटव को जमीन पर पटका, उसकी छाती पर पैर रखा और गला घोंटकर जान ले ली। वारदात के बाद वह रातभर शव को बेडरूम में छिपाकर उसी के पास सोता रहा। सोमवार सुबह शव को अपने पुश्तैनी गांव भिंड ले गया और ससुराल पक्ष को पत्नी की मौत हार्ट अटैक से होने की कहानी सुनाई। लेकिन आरोपी की 12 साल की बेटी ने अपने मामा को हत्या की पूरी बात बता दी। सोमवार देर रात परिजन शव लेकर ग्वालियर के मुरार थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। पिता को भिंड छोड़ने को लेकर हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से भिंड के छौंदा गांव का रहने वाला ज्ञानसिंह SSB में सिपाही है और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात है। वह 27 अक्टूबर को करवाचौथ मनाने के लिए छुट्टी लेकर ग्वालियर के खुरैरी (मुरार) स्थित किराए के मकान में आया था। रविवार को उसके पिता इलाज कराने भिंड से ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद पत्नी रिंकी जाटव ने ससुर को वापस भिंड छोड़ आने को कहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। ज्ञानसिंह अपने पिता को भिंड छोड़कर रविवार रात घर लौटा तो रिंकी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इसी बात पर उसे शक हुआ और उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाते हुए विवाद शुरू कर दिया। शक में हैवान बना पति, बच्चों के सामने की हत्या आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ज्ञानसिंह ने पत्नी को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया। उस समय 14 साल का बेटा दीपू और 12 साल की बेटी प्रियांशी भी घर में मौजूद थे और उन्होंने पूरी घटना देखी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेडरूम में छिपाकर रखा और रातभर उसी कमरे में सोता रहा। सुबह शव गांव ले गया, हार्ट अटैक की कहानी सुनाई सोमवार सुबह करीब 6 बजे आरोपी पत्नी का शव गाड़ी में रखकर अपने पुश्तैनी गांव छौंदा, भिंड पहुंचा। वहां उसने रिंकी के मायके भीरमपुरा में रहने वाले साले सचिन जाटव को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। रिंकी के शरीर पर चोट के निशान और घुटनों पर गंभीर चोट देखकर उन्हें शक हुआ। परिजनों ने जब सवाल किए तो आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल तानकर उन्हें चुप रहने की धमकी दी। पिस्टल दिखाकर धमकाया, बेटी ने मामा को बताई सच्चाई आरोपी ने अपनी 12 साल की बेटी प्रियांशी को भी मुंह बंद रखने और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद बेटी ने अपने मामा सचिन को चुपके से पूरी घटना बता दी। उसने बताया कि मां फोन पर बात कर रही थीं, तभी पापा आए और शक के चलते उनकी हत्या कर दी। बेटी के बयान और रिंकी के शरीर पर चोटों के निशान सामने आने के बाद हत्या का मामला उजागर हो गया। खुद को घिरता देख आरोपी गांव से फरार हो गया। परिजन शव लेकर मुरार थाने पहुंचे दिनभर भिंड में हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर परिजन सोमवार देर रात रिंकी का शव कार से ग्वालियर लेकर आए और मुरार थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना मुरार थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली ने बताया कि खुरैरी में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की है। आरोपी शव को भिंड स्थित अपने गांव ले गया और वहां हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही, लेकिन नाबालिग बेटी ने हत्या का खुलासा कर दिया। सोमवार रात परिजन शव लेकर ग्वालियर लौटे हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस चश्मदीदों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।

