मैहर जिले में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है। ताला-मुकुंदपुर गांव के मंसूरी मोहल्ले में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। कई घरों में घुटनों तक पानी भरने से गृहस्थी का सामान भीग गया, जिससे ग्रामीणों को काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की निकासी के सही इंतजाम नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर अमरपाटन एसडीएम आरती सिंह और तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंसूरी मोहल्ले में बारिश से भरे घरों का जायजा लिया। ग्रामीणों ने मोटर लगाकर घरों से पानी बाहर निकाला। मुकुंदपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण मुर्जुआ नाला और गऊघाट पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। मुर्जुआ नाले के पुल पर करीब 10 फीट पानी होने की जानकारी है। पानी का बहाव तेज होने के कारण मुकुंदपुर पहुंच मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को पानी के बीच से पुल पार नहीं करने की हिदायत दी है। मौके पर पुलिस टीम भी तैनात की गई है। बुधवार से गुरुवार सुबह तक अमरपाटन में 5.04 इंच, मैहर में 1.93 इंच और रामनगर में 3.70 इंच बारिश दर्ज की गई। तीनों क्षेत्रों में औसत वर्षा 3.6 इंच रही। 1 जून से 3 सितंबर तक अमरपाटन में 33.7 इंच, मैहर में 26.3 इंच और रामनगर में 51 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। इस दौरान जिले की औसत वर्षा 37.1 इंच पहुंच गई है। लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलमग्न पुलों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।

