बीजेपी प्रत्याशी के लिए भिड़े भाजपाई-कांग्रेसी:नाम वापस लेने आया था, धक्का-मुक्की हुई; पुलिस कैंडिडेट को उठा ले गई

बीजेपी प्रत्याशी के लिए भिड़े भाजपाई-कांग्रेसी:नाम वापस लेने आया था, धक्का-मुक्की हुई; पुलिस कैंडिडेट को उठा ले गई

नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। वार्ड 23 में कांग्रेस नेता देवकीनंदन गुर्जर के बेटे अजय गुर्जर के सामने बीजेपी के दिनेश प्रजापत को टिकट मिला था। गुरुवार को दिनेश अपना नामांकन वापस लेने उपखंड कार्यालय पहुंचा था। इसकी सूचना बीजेपी कार्यकर्ताओं को लग गई। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता परिसर में पहुंच गए और प्रत्याशी को फॉर्म वापस लेने से रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान यहां कांग्रेस के कार्यकर्ता भी खड़े थे। दोनों दलों के समर्थकों के बीच विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर तैनात पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति को संभाला और भाजपा प्रत्याशी को अपने साथ लेकर वहां से रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस प्रत्याशी को थाने ले गई है। देवकीनंदन गुर्जर ने प्रशासन पर लगाए आरोप पीसीसी सदस्य देवकीनंदन गुर्जर ने भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि कोई प्रत्याशी अपनी इच्छा से नामांकन पत्र वापस लेना चाहता है तो उसे ऐसा करने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने प्रशासन पर भी भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। गुर्जर ने कहा कि नामांकन पत्र वापसी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित होने के बावजूद रिटर्निंग अधिकारी करीब 12 बजे कार्यालय पहुंचे। इससे पहले ही पुलिस उपाधीक्षक की मौजूदगी में प्रत्याशी को फॉर्म वापस लेने से रोके जाने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी अपनी इच्छा से नामांकन वापस लेना चाहता था। बोले- कांग्रेस करेगी विरोध देवकीनंदन गुर्जर ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रत्याशी को अज्ञात स्थान पर लेकर गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रत्याशी को वापस लाकर उसका नामांकन पत्र वापस नहीं करवाया गया तो कांग्रेस की ओर से जोरदार विरोध किया जाएगा और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रशासन के दबाव में नहीं होने दिया जाएगा। फिलहाल उपखंड कार्यालय में हुए घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मामले को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *