“कोर्ट में नाजिया बोली-हिंदू बॉयफ्रेंड के साथ ही रहूंगी”:मुरादाबाद में गन प्वाइंट पर हाईवे से अगवा कर ले गए थे पिता और भाई

“कोर्ट में नाजिया बोली-हिंदू बॉयफ्रेंड के साथ ही रहूंगी”:मुरादाबाद में गन प्वाइंट पर हाईवे से अगवा कर ले गए थे पिता और भाई

मुरादाबाद में सरेआम फिल्मी स्टाइल में हाईवे से गन प्वाइंट पर अगवा की गई नाजिया को रिकवर करने के बाद पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए। कोर्ट में नाजिया ने कहा कि, वह बालिग है और अपनी मर्जी से अपने हिंदू बॉयफ्रेंड के साथ रह रही थी। लेकिन उसके पिता और भाई हाईवे से उसे जबरन तमंचे के बल पर अपने साथ उठा ले गए थे। नाजिया ने बॉयफ्रेंड राजकुमार के साथ जाने की इच्छा जताई। उसने कहा कि वह प्रेमी राजकुमार के साथ ही रहेगी और जल्द दोनों शादी कर लेंगे। जिसके बाद कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया कि वह नाजिया को उसके लिव-इन पार्टनर राजकुमार के साथ सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर आए।
रामपुर की नाजिया वहीं के रहने वाले राजकुमार के साथ रिलेशनशिप में है। पिछले 2 साल से दोनों रिश्ते में हैं। नाजिया के परिजनों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने बेटी पर बंदिशें लगाना शुरू कर दीं। इस बीच नाजिया 27 अगस्त को अपना घर छोड़कर बॉयफ्रेंड राजकुमार के घर आ गई थी। जिसके बाद नाजिया के परिजनों ने रामपुर के स्वार थाने में राजकुमार के खिलाफ बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। 31 अगस्त को नाजिया और राजकुमार मुरादाबाद कचहरी में अपनी शादी के दस्तावेज तैयार कराने पहुंचे थे। यहां से कुछ पेपर्स लेने के बाद नाजिया और राजकुमार कार से रामपुर के स्वार थाने अपने बयान दर्ज कराने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में मूंढापांडे थाना क्षेत्र में नाजिया के पिता और भाइयों ने अन्य साथियों की मदद से हमला बोल दिया था। फिल्मी स्टाइल में फायरिंग करते हुए आरोपी राजकुमार से नाजिया को छीन ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में राजकुमार की तहरीर पर दानिश, बिलाल, तसलीम को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात के खिलाफ अपहरण और जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। मंगलवार शाम नाजिया को पुलिस से ढूंढ निकाला था। इसके बाद बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने नाजिया को राजकुमार के सुपुर्द कर दिया है। जबकि उसे अगवा करने वाले आरोपियों को पुलिस तलाश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *