सोनीपत में कूड़ा उठाने पर टायरों में किया पंचर:ड्राइवरों से मारपीट के आरोप; पुलिस ने सफाई कर्मचारियों पर 6 धाराओं में केस दर्ज किया

सोनीपत में कूड़ा उठाने पर टायरों में किया पंचर:ड्राइवरों से मारपीट के आरोप; पुलिस ने सफाई कर्मचारियों पर 6 धाराओं में केस दर्ज किया

सोनीपत शहर में सफाई कर्मचारियों की लगातार चल रही हड़ताल के बीच नगर निगम ने पुलिस प्रशासन की मदद से सड़कों पर जमा कूड़े को उठाने का अभियान शुरू किया, लेकिन इस दौरान कई स्थानों पर हड़ताली सफाई कर्मचारियों द्वारा कूड़ा उठाने वाले वाहनों को रोकने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप लगे हैं। नगर निगम की शिकायत के अनुसार बाबा धाम के पीछे कम्युनिटी सेंटर के पास करीब 30 से 40 हड़ताली कर्मचारी पहुंचे और जेबीएम कंपनी के डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले टिप्पर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और डोजर के टायरों में नुकीली चीज मारकर वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं धानक बस्ती के पास करीब 10 से 15 कर्मचारियों पर कूड़ा उठाने वाले वाहनों को रोकने और दो चालकों के साथ मारपीट व गाली-गलौच करने का आरोप लगाया गया है। बस स्टैंड के पास भी करीब 20 से 25 कर्मचारियों द्वारा कूड़ा उठाने वाले वाहनों को रोकने का प्रयास किए जाने की शिकायत दी गई। नगर निगम की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट, हाथापाई और वाहनों को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला क्या था? नगर निगम के सफाई कर्मचारी पिछले काफी दिनों से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर की सड़कों और विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं। नगर निगम का कहना है कि इससे शहरवासियों को परेशानी होने के साथ बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। इसी को देखते हुए नगर निगम ने पुलिस प्रशासन की सहायता से कूड़ा उठाने का अभियान शुरू किया था। निगम की शिकायत के अनुसार कूड़ा उठाने के दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर वाहनों को रोकने और सफाई कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। बाबा धाम के पीछे 30-40 कर्मचारियों के पहुंचने का आरोप नगर निगम की शिकायत के मुताबिक बाबा धाम के पीछे कम्युनिटी सेंटर के पास करीब 30 से 40 हड़ताली सफाई कर्मचारी, महिला और पुरुष, पहुंचे। आरोप है कि यहां जेबीएम कंपनी के डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले टिप्पर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और डोजर के टायरों में नुकीली चीज मारकर उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया। निगम के अनुसार इससे सफाई का काम प्रभावित हुआ और वाहनों को वित्तीय नुकसान भी हुआ।
धानक बस्ती में 10-15 कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप शिकायत के अनुसार धानक बस्ती के पास बस स्टैंड स्थित सेकेंडरी प्वाइंट पर करीब 10 से 15 हड़ताली कर्मचारी पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और डोजर को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन चालकों के साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई। नगर निगम ने शिकायत में दो चालकों का भी उल्लेख किया है। चालक दीपक पुत्र राज सिंह वाहन नंबर HR10AV0618 और चालक जितेंद्र पुत्र राम कुमार वाहन नंबर HR10AT8067 के साथ मारपीट व गाली-गलौच करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार सफाई कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने वाले कुछ कर्मचारियों की पहचान कर ली गई है और उनकी सूची शिकायत के साथ संलग्न की गई है। बस स्टैंड पर 20-25 कर्मचारियों ने वाहन रोकने का प्रयास किया नगर निगम की शिकायत में बस स्टैंड के पास हुई घटना का भी उल्लेख है। इसके अनुसार यहां बने सेकेंडरी प्वाइंट पर करीब 20 से 25 हड़ताली सफाई कर्मचारी पहुंचे और कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली व डोजर को रोकने का प्रयास किया। निगम ने कहा कि कूड़ा नहीं उठने के कारण आम लोगों को परेशानी और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निगम अधिकारियों की शिकायत पर FIR मामले को लेकर नगर निगम के सफाई निरीक्षकों, मुख्य सफाई निरीक्षकों, सहायक अभियंता एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट और ज्वाइंट कमिश्नर की ओर से थाना सिविल लाइन में शिकायत दी गई। शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने और सफाई कार्य में रुकावट पैदा करने वाले हड़ताली सफाई कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई। पुलिस कार्रवाई के अनुसार 1 सितंबर को थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली कि बस स्टैंड सोनीपत पर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने सरकारी काम को बाधित किया है और नगर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट व हाथापाई की है। सूचना मिलने के बाद एएसआई नरेंद्र पुलिस टीम के साथ बस स्टैंड पहुंचे। थाना प्रभारी सिविल लाइन भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। छह धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा नगर निगम की शिकायत के मजमून के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 221, 121(1), 132, 190, 191(3) और 324(4) बीएनएस के तहत अपराध बनना पाया। इसके बाद थाना सिविल लाइन सोनीपत में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में किसी एक जगह कुल आरोपियों की संख्या निर्धारित नहीं की गई है। इसमें तीन अलग-अलग घटनास्थलों पर करीब 30-40, 10-15 और 20-25 हड़ताली कर्मचारियों के समूह का उल्लेख है। इन संख्याओं को जोड़ने पर कुल 60 से 80 कर्मचारियों का उल्लेख आता है। लेकिन पुलिस ने अभी नाम और संख्या नहीं खोली है कि कितने सफाई कर्मचारियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के साथ संलग्न पहचान सूची और जांच के आधार पर संबंधित लोगों की भूमिका तय करने की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच मुकदमा दर्ज होने के बाद मूल शिकायत और संबंधित दस्तावेज अनुसंधान अधिकारी को सौंप दिए गए हैं। पुलिस अब वाहनों को हुए नुकसान, चालकों के साथ कथित मारपीट, मौके की स्थिति और शिकायत में बताए गए कर्मचारियों की भूमिका की जांच करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *