Pradeep Antony Separation: बिग बॉस तमिल सीजन 7 के कंटेस्टेंट और एक्टर प्रदीप एंटनी ने पत्नी पूजा शक्ति से अलग होने का ऐलान किया है। एक्टर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपनी शादी और रिश्ते को लेकर कई बातें कहीं। हालांकि, उनकी यह पोस्ट अब डिलीट हो चुकी है। प्रदीप ने लिखा कि उन्हें लगता है कि उन्होंने “गलत इंसान से शादी” की और इस रिश्ते की वजह से वह खुद को बदलता हुआ महसूस कर रहे थे।
प्रदीप ने अपने बेटे से दूर होने का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद उनकी जिंदगी में काफी बदलाव आया था और बेटे को गोद में लेने से उन्हें ऐसी खुशी मिली, जिसे उन्होंने पहले कभी महसूस नहीं किया था। अब उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चे से करीब एक महीने से दूर हैं।
‘मुझे लगता है मैंने गलत इंसान से शादी की’
अपनी शादी के बारे में बात करते हुए प्रदीप ने लिखा कि उन्हें लगता है कि उन्होंने गलत इंसान से शादी की है। उनके मुताबिक, इसके बाद वह हर दिन खुद को एक बेहतर इंसान के बजाय “बहुत बुरा इंसान” बनता हुआ महसूस कर रहे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी पत्नी से भावनात्मक तौर पर काफी दूर महसूस करते थे। प्रदीप ने अपने रिश्ते को ऐसे दो लोगों के तौर पर बताया, जो हर दिन आपस में टकराते थे और एक-दूसरे को पसंद नहीं करते थे। एक्टर ने यह भी बताया कि उनके पिछले रिश्ते ने उन्हें भावनात्मक रूप से कमजोर कर दिया था। उनका कहना था कि इसी वजह से उन्होंने बाद में मिले प्यार को बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन उन्हें लगता है कि उस फैसले की उन्हें काफी कीमत चुकानी पड़ी।
‘मैं उस रिश्ते में सांस नहीं ले पा रहा था’
अलग होने के फैसले के बारे में प्रदीप ने कहा कि उन्होंने अपनी शादी से दूर जाने का फैसला इसलिए किया क्योंकि वह उस रिश्ते में खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उनकी पत्नी अब उनसे प्यार करती हैं।
प्रदीप ने यह भी माना कि अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक करने के बाद उन्हें कई लोगों के फोन आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास अपनी भावनाएं साझा करने के लिए कोई नहीं था।
बेटे से दूर होने का भी किया जिक्र
प्रदीप ने अपने बेटे के साथ बिताए पलों का एक वीडियो भी शेयर किया था। उन्होंने इसे उस समय की आखिरी याद बताया, जब वह अपने बच्चे के साथ खुश थे। एक्टर के मुताबिक, उनका बेटा उनसे करीब एक महीने से दूर है।
उन्होंने बताया कि हमेशा से उनका सपना एक खुशहाल परिवार और अच्छे पिता बनने का था। वह अपने बचपन में जिस तरह की पारिवारिक जिंदगी से गुजरे, उससे अलग परिवार बनाना चाहते थे। लेकिन प्रदीप ने कहा कि आखिरकार उन्हें लगा कि उन्होंने उसी चीज को अपनी जिंदगी में आने दिया, जिससे वह डरते थे। उन्होंने यह भी लिखा कि बच्चे के लिए उन माता-पिता से दूर रहना बेहतर है, जो लगातार लड़ते रहते हैं और एक-दूसरे से नफरत करते हैं। इसी वजह से उन्होंने अपने बेटे को उसकी मां के साथ भेजने का फैसला किया।
नवंबर 2024 में हुई थी शादी
प्रदीप एंटनी और पूजा शक्ति ने 7 नवंबर 2024 को चेन्नई में हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की थी। अप्रैल 2026 में दोनों ने अपने बेटे के जन्म की जानकारी साझा की थी। प्रदीप एंटनी को ‘बिग बॉस तमिल’ सीजन 7 में हिस्सा लेने के अलावा ‘अरुवी’, ‘वाजल और दादा’ जैसी फिल्मों में उनके काम के लिए जाना जाता है। फिलहाल, पूजा शक्ति की ओर से प्रदीप के इस पोस्ट या दोनों के अलग होने को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

