पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:कौशांबी में 6 आरोपियों पर FIR, महिला गिरफ्तार; 11 लोगों की मौत

पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:कौशांबी में 6 आरोपियों पर FIR, महिला गिरफ्तार; 11 लोगों की मौत

कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक महिला आरोपी शबाना को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग का इलाज चल रहा हैं। मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने पिपरी थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है। मामला पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार का है। हादसा 31 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे मनौरी बाजार स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पिपरी थाने में मामले में छह आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें शबाना पत्नी शकील और साइना पुत्री शकील, निवासी महमूदपुर मनौरी, थाना पिपरी के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने शबाना को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही और उदासीनता मिलने पर कार्रवाई की है। पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह, चायल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी और पूर्व चायल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष पाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा पिपरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और आरक्षी कृष्ण कुमार को निलंबित किया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने और अवैध पटाखा फैक्ट्री के संचालन से जुड़ी सूचना दर्ज न कराने का आरोप है। पांच घायल अस्पताल में भर्ती विस्फोट में कुल 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच के साथ ही हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *