गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जीआरपी की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान रविवार, 30 अगस्त को पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 20 हजार रुपये कीमत का चोरी का मोबाइल बरामद हुआ है। संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर अनुभाग लक्ष्मी निवास मिश्र और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अशोक कुमार सिंह के निर्देशन में गोरखपुर जंक्शन पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की लगातार जांच की जा रही थी। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरविंद कुमार, उप निरीक्षक अंकित पांडेय और एंटी जहरखुरानी टीम के पुलिसकर्मी स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के भाप इंजन सेल्फी प्वाइंट के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिया। पूछताछ और तलाशी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बिहार का रहने वाला है आरोपी गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन कुमार साह के रूप में हुई है। जो बिहार के मैरवा थाना के मैरवा मोतीछापर इलाके का रहने वाला है। आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह मोबाइल गोरखपुर रेलवे स्टेशन से चोरी किया गया था और इस संबंध में जीआरपी थाने में पहले से मुकदमा दर्ज था। चोरी के मुकदमे में बढ़ाई गई धारा मोबाइल बरामद होने के बाद जीआरपी थाना गोरखपुर में उसके खिलाफ लगे मुकदमे की धारा में बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार गोरखपुर भेज दिया गया। पूछताछ में बोला- ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर करते हैं चोरी पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने खर्चे चलाने के लिए ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर चोरी करता है। आरोपी के मुताबिक, वह चलती ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाता था। यात्रियों से चोरी किए गए मोबाइल और अन्य सामान को वह रास्ते में मिलने वाले लोगों को बेच देता था। सामान बेचने से मिले पैसे से वह अपना खर्च चलाता था। बरामद मोबाइल के बारे में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब 15 से 20 दिन पहले गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री से यह मोबाइल चोरी किया था। रविवार को वह दोबारा चोरी करने की नीयत से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था, लेकिन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पहले भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ जीआरपी गोरखपुर थाने में पहले से चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। 20 हजार रुपये का मोबाइल बरामद पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 20,000 रुपये है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह, उप निरीक्षक अरविंद कुमार, उप निरीक्षक अंकित पांडेय, हेड कांस्टेबल गुरू प्रसाद, कांस्टेबल विपिन यादव, रणजीत यादव, देवेंद्र सिंह यादव और अविनीश सिंह शामिल रहे।

