भिंड शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वाटर वर्क्स स्थित शहीद कॉलोनी में रविवार दोपहर 24 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त युवक घर में अकेला था। उसकी पत्नी रक्षाबंधन पर मायके गई हुई थी। दोपहर में पत्नी अपने भाई के साथ वापस लौटी तो घर के गेट पर ताला लगा मिला। आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर भाई पड़ोसी के मकान की छत से होकर घर के ऊपर पहुंचा। वहां से अंदर झांकने पर युवक फंदे पर लटका दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अमन पुत्र राजेश सिंह राजावत निवासी शहीद कॉलोनी, वाटर वर्क्स रविवार दोपहर करीब 3 बजे घर में अकेला था। उसकी पत्नी कीर्ति राजावत रक्षाबंधन के अवसर पर मायके गई थी। दोपहर में कीर्ति अपने भाई सुमित भदौरिया के साथ घर पहुंची। मुख्य गेट पर ताला लगा देखकर दोनों ने अमन को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सुमित पड़ोसी के मकान की छत से होते हुए अमन के घर की छत पर पहुंचा। वहां से कमरे के अंदर देखने पर अमन फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। डायल-112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया गया है कि अमन की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और एक बेटी है। मृतक के पिता राजेश सिंह राजावत गांव में खेती-किसानी करते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। सिटी कोतवाली पीआई मुकेश शाक्य का कहना है कि युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवाया गया है। मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

