टीकमगढ़ में एक टैक्सी ड्राइवर द्वारा सड़क के गड्ढे भरने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया ने इंजीनियर अजय दीक्षित के साथ सड़क का निरीक्षण किया और गड्ढे भरने के निर्देश दिए। सितंबर माह में नई सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। यह घटना शनिवार शाम की है, जब एक टैक्सी ड्राइवर अपनी पत्नी के साथ गंजी खाना ग्राउंड के सामने पहुंचा। उन्होंने अपनी टैक्सी में ईंट, पत्थर और मिट्टी भरकर लाए थे, जिसका उपयोग उन्होंने सड़क के गड्ढे की मरम्मत के लिए किया। पुराना बस स्टैंड के पास निवासी टैक्सी चालक इसरार खान ने बताया कि शुक्रवार को इसी रास्ते से मरीज ले जाते समय उनकी टैक्सी गड्ढे में पलट गई थी। हालांकि, मरीज और चालक बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद इसरार खान ने किसी से शिकायत करने के बजाय खुद गड्ढे भरने का फैसला किया था। मामले ने तूल पकड़ने के बाद रविवार शाम सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया और इंजीनियर अजय दीक्षित ने सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराने और पूरी सड़क के गड्ढे भरने के निर्देश दिए। उपयंत्री अजय दीक्षित के मार्गदर्शन में मुख्य मार्ग और मंडी रोड के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि नगर पालिका ने कुछ दिन पहले भी सड़क की मरम्मत कराई थी, लेकिन घटिया निर्माण के कारण बारिश में सड़क फिर से उखड़ गई थी। अब सीएमओ ने बताया कि अस्पताल चौराहा से आंबेडकर चौराहा तक नई बीटी रोड के निर्माण के लिए ₹1.73 करोड़ का टेंडर लगाया गया है। टेंडर प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 11 सितंबर 2026 निर्धारित है। प्रक्रिया पूरी होते ही स्थायी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

