Salman Khan Viral Comment: एक्टर सलमान खान का सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर किया गया ‘इट्स डन ब्रो‘ कमेंट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। देखते ही देखते सलमान का यह कमेंट मीम का हिस्सा भी बन गया। अब एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने पहली बार इस कमेंट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सलमान के बयान को लेकर कहा कि “मजबूरियां होती होंगी सबकी”, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उन्होंने जो कहा, वह उसकी इज्जत करते हैं।
सोनम को दिखाई गई ‘इट्स डन ब्रो’ वाली टी-शर्ट
प्रखर गुप्ता के यूट्यूब चैनल पर पॉडकास्ट के दौरान सोनम वांगचुक को एक टी-शर्ट दिखाई गई, जिस पर लिखा था- ‘सोनम, इट्स डन ब्रो’। सोनम ने इस टी-शर्ट को अपने पास रखने के लिए हामी भरी और इसे एक “हेल्दी सेंटीमेंट” बताया।
सलमान खान के कमेंट के बारे में बात करते हुए सोनम ने कहा, “मजबूरियां होती होंगी सबकी। आगे-पीछे, बयान देखना पड़ता है। लेकिन उन्होंने कुछ कहा, उसकी मैं इज्जत करता हूं।” उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद एक बार फिर सलमान खान और सोनम वांगचुक से जुड़ा यह मामला चर्चा में आ गया है।
क्या था सलमान खान का वायरल कमेंट?
जून में सोनम वांगचुक ने नीट पेपर लीक का विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हो रहा था और इसमें तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत कई मांगें रखी गई थीं।
इस दौरान सलमान खान ने सोशल मीडिया पर छात्रों से अपना विरोध खत्म कर घर लौटने की अपील की थी। उन्होंने सोनम वांगचुक से भी भूख हड़ताल खत्म करने को कहा था। सलमान ने अपनी पोस्ट में लिखा था, “सोनम, हो गया भाई। इसे आगे मत बढ़ाओ।” उन्होंने यह भी कहा था कि अगर सोनम चाहें तो वह उनके लिए घर से खाना भेज सकते हैं। सलमान की इसी लाइन का छोटा रूप ‘इट्स डन ब्रो’ बाद में सोशल मीडिया पर वायरल मीम बन गया।
सलमान ने छात्रों के समर्थन में भी किया था पोस्ट
सलमान खान ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीट पेपर लीक का विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में पोस्ट किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें खुशी है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग के लिए एक साथ आ रहे हैं।
अगले दिन उन्होंने छात्रों से प्रदर्शन खत्म कर अपने माता-पिता के पास वापस जाने की अपील की। सलमान ने भरोसा जताया था कि प्रधानमंत्री के ट्वीट के बाद पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का क्या हुआ?
28 जून को शुरू हुई सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के दौरान दिल्ली पुलिस ने जुलाई में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल और बाद में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया था। अस्पताल में भी उन्होंने अपनी भूख हड़ताल जारी रखी।
बाद में धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं, प्रदर्शनकारियों की दूसरी मांगों में उनके खिलाफ कानूनी या पुलिस कार्रवाई नहीं करने की मांग भी शामिल थी। इन मांगों पर सहमति बनने के बाद विरोध प्रदर्शन खत्म हो गया। इस आंदोलन को सोनाक्षी सिन्हा, शबाना आजमी और प्रकाश राज समेत कई बॉलीवुड हस्तियों का समर्थन भी मिला था।
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान अगली बार अपूर्व लखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म पहले अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसकी रिलीज टाल दी गई और अब तक नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं हुई है।
इसके अलावा सलमान की नयनतारा के साथ भी एक फिल्म पाइपलाइन में है। फिलहाल इसका टेंटेटिव टाइटल ‘एसवीसी63’ बताया गया है और इसके अगले साल रिलीज होने की उम्मीद है।

