इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में नाइजीरियन मूल की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला मुंबई से बस के जरिए इंदौर आई थी और यहां मादक पदार्थ की डिलीवरी देने वाली थी। पुलिस ने पहले से मिली सूचना के आधार पर उस पर नजर रखी और शनिवार को चंदन नगर इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से 57 ग्राम से ज्यादा MD बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। कई दिनों से महिला की जानकारी जुटा रही थी पुलिस एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल की टीम को सूचना मिली थी कि मुंबई से जोया नाम की नाइजीरियन महिला इंदौर आकर कोकीन और अन्य मादक पदार्थों की डिलीवरी करती है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने महिला की गतिविधियों और इंदौर आने-जाने की जानकारी जुटाना शुरू किया। पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि राखी के अगले दिन जोया मुंबई से इंदौर आ सकती है। इसके बाद टीम ने मुंबई से इंदौर आने वाली बसों पर नजर रखना शुरू कर दिया। बस से उतरते ही पुलिस ने पकड़ा पुलिस के मुताबिक शनिवार को जोया इंदौर पहुंची। बस से उतरने के बाद पुलिस टीम ने उस पर नजर रखी और चंदन नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 57 ग्राम से अधिक MD बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 25 लाख रुपए है। महिला से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह इंदौर में किसे ड्रग्स की डिलीवरी देने आई थी और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पासपोर्ट नहीं मिला, मुंबई में होने की बात कही पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला मूल रूप से नाइजीरियन है। उसके पास से फिलहाल पासपोर्ट नहीं मिला है। महिला ने पुलिस को बताया है कि उसका पासपोर्ट मुंबई में है। पुलिस उसके दस्तावेजों और भारत में रहने से जुड़ी जानकारी की भी जांच कर रही है। पुलिस अब आरोपी महिला से पूछताछ के आधार पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

