40 घंटे से बिजली-पानी बंद, महाराणा चौक पर जाम:दूध की डिमांड 5 हजार लीटर घटी, कुरुक्षेत्र में बार एसोसिएशन का वर्क सस्पेंड

40 घंटे से बिजली-पानी बंद, महाराणा चौक पर जाम:दूध की डिमांड 5 हजार लीटर घटी, कुरुक्षेत्र में बार एसोसिएशन का वर्क सस्पेंड

कुरुक्षेत्र में बिजली संकट से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर के कई इलाकों में 40 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली सप्लाई नहीं होने से पानी का संकट भी खड़ा हो गया। शुक्रवार को महाराणा चौक के पास और झांसा रोड के आसपास की कॉलोनियों के लोगों और दुकानदारों ने बिजली-पानी की सप्लाई नहीं मिलने पर जाम लगा दिया। लोगों ने साफ कहा कि बिजली आने तक जाम नहीं खोलेंगे। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान वाहनों की कतार लग गई तो पुलिस ने ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से निकलवाया। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग बिजली-पानी की समस्या दूर करने की मांग पर अड़े रहे। घर में पानी की बूंद तक नहीं जाम लगा रहे लोगों ने कहा कि घरों में पानी नहीं है। बिजली नहीं होने के कारण बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो गया है। सप्लाई शुरू होने तक सड़क से नहीं हटेंगे। हालांकि, पानी की समस्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से टैंकर भेजने का आश्वासन दिया। पानी के टैंकर पहुंचने के बाद लोग जाम खोलने पर राजी हुए। बिजली के संकट से कोर्ट में काम प्रभावित बिजली संकट के बीच जिला बार एसोसिएशन कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को वर्क सस्पेंड रखा। पिहोवा में भी वकीलों ने काम बंद रखा। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सहदेव राढ़ान जठलाना ने बताया कि बिजली नहीं होने से प्रिंटिंग, फोटोकॉपी और दूसरे जरूरी काम नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में वकीलों को काम करने में परेशानी हो रही है। इसी वजह से वर्क सस्पेंड रखने का फैसला लिया गया। वीटा प्लांट में दूध की डिमांड 5 हजार लीटर तक घटी बिजली संकट का असर दूध की डिमांड पर भी पड़ा है। वीटा मिल्क प्लांट कुरुक्षेत्र के मैनेजर देव त्यागी ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण लोगों के घरों में फ्रिज बंद पड़े हैं। इस वजह से दूध की डिमांड में कमी आई है। पहले प्लांट से रोजाना करीब 25 हजार लीटर दूध की सप्लाई होती थी, लेकिन अब डिमांड 4 से 5 हजार लीटर तक कम हो गई है। उन्होंने बताया कि प्लांट में बिजली को लेकर कोई बड़ी परेशानी नहीं है। यहां से कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में दूध की सप्लाई की जाती है। शहर में दूध की सप्लाई ठीक चल रही है, लेकिन गांवों में सप्लाई कम हुई है। बिजली संकट का असर लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है। दूसरी ओर बिजली कर्मी हड़ताल पर हैं। जिले के 20 से 25 पावर हाउस में परेशानी बिजली निगम के SE एमजी जिंदल के मुताबिक, जिले में छोटे-बड़े करीब 250 पावर हाउस हैं। इनमें से 20 से 25 पावर हाउस में परेशानी चल रही है। हालांकि, शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली सप्लाई शुरू हो गई है। इसके बावजूद बिरला मंदिर चौक, दर्राखेड़ा, लक्ष्मण चौक और आसपास के इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *