स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में कमियां मिलीं:मऊ DM ने अधिकारियों को लगाई फटकार, लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश

स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में कमियां मिलीं:मऊ DM ने अधिकारियों को लगाई फटकार, लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश

कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार देर शाम हुई जिला स्वास्थ्य समिति और जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की संयुक्त समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने स्वास्थ्य विभाग की कई योजनाओं की प्रगति को असंतोषजनक पाया। विशेष रूप से संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और परिवार नियोजन कार्यक्रमों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सुधार के कड़े निर्देश दिए। संस्थागत प्रसव की समीक्षा में विकासखंड बड़रांव की प्रगति कम मिली। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित एमओआईसी को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा। वहीं, फतेहपुर मंडाव के एमओआईसी की संस्थागत प्रसव में बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहना की गई। टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति भी अपेक्षित स्तर पर नहीं पाई गई। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने और इसमें कोई ढिलाई न बरतने पर जोर दिया। परिवार नियोजन कार्यक्रम में भी लक्ष्य के मुकाबले प्रगति काफी कम रही। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि पुरुष नसबंदी का वार्षिक लक्ष्य 21 है, जिसके मुकाबले अब तक केवल 4 नसबंदी हुई हैं। इसी तरह, महिला नसबंदी का वार्षिक लक्ष्य 3713 है, लेकिन अब तक केवल 238 महिलाओं की नसबंदी की गई है। जिलाधिकारी ने वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा में बताया गया कि जनपद की 200 से अधिक ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो चुकी हैं। एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा के दौरान समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जनपद में 102 सेवा की 27 और 108 इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट सेवा की 23 एंबुलेंस संचालित हैं। निर्धारित समय में एंबुलेंस सेवा उपलब्ध न कराने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *