Blind Murder Case Reveal: सीकर के रींगस थाना इलाके के आभावास गांव में दो दिन पहले शराब के ठेके के पीछे युवक के शव मिलने के मामले का राजफाश हो गया है। युवक दीपक उर्फ कुलदीप की हत्या उसके ही गांव के युवक ने की थी। वारदात से पहले आरोपी ने दोस्त दीपक के साथ बैठकर शराब पी थी। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर लोहे के औजार से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया है। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पुलिस की जांच को सही दिशा दे दी।
पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी राहुल वर्मा (22) निवासी सीकर के आभावास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। एएसपी दीपक गर्ग ने बताया 26 अगस्त की अलसुबह आभावास में शराब के ठेके के पीछे युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान दीपक उर्फ कुलदीप के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा फोरेंसिक यूनिट, एमओबी और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई और मृतक के संपर्क में रहने वाले युवकों के बारे में पड़ताल की।
पुलिस टीम ने मौके से मिले साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मृतक के गांव के ही कुछ युवकों पर फोकस किया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रात में मृतक के साथ शराब पीने वाले राहुल वर्मा को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी के बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के बीच कई अहम कड़ियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस का शक राहुल पर और गहरा गया।
खून से सने कपड़ों ने खोला हत्या का राज
रींगस थाना अधिकारी राजेंद्र कमांडो ने बताया राहुल के कपड़ों पर खून के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने एक साथी के साथ मिलकर दीपक उर्फ कुलदीप पर लोहे के औजार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब आरोपी के साथी की भूमिका और उसकी मौजूदगी को लेकर जांच कर रही है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के औजार को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां न्यायालय ने 31 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

